Bahadurgarh : कंपनी रिकॉर्ड में हेराफेरी कर लगाया करोड़ों का चूना, ट्रांसपोर्ट इंचार्ज समेत कई लोगों पर FIR

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 01:43 PM (IST)

बहादुरगढ़ : शहर के गांव दहकोरा स्थित एक निजी कम्पनी में करोड़ों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने कम्पनी निदेशक की शिकायत पर ट्रांसपोर्ट इंचार्ज समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव दहकोरा निवासी अनुराग चौधरी ने बताया कि वह मैसर्ज कुमार प्रिसिजन स्टैपिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। उनकी कम्पनी में हिमांशु वधवा को वर्ष 2018 में ट्रांसपोर्ट इंचार्ज नियुक्त किया गया था। कम्पनी के नाम से चलने वाले वाहनों के खर्च और लेन-देन की जिम्मेदारी उसी के पास थी। 

आरोप है कि हिमांशु वधवा ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंपनी के अकाऊंट रिकॉर्ड और एंट्री रजिस्टर में फर्जी इंद्राज किए। शिकायत के अनुसार 3 अप्रैल 2023 को 1700 रुपए के पास वाऊचर को रिकॉर्ड में 1.70 लाख रुपए दर्शाया गया और अतिरिक्त राशि निकाल ली गई।

आरोप है कि वर्ष 2023-24 में 1.75 करोड़ रुपए, 2024-25 में 3.96 करोड़ रुपए और 2025-26 में 3.85 करोड़ रुपए का गबन किया गया। कम्पनी द्वारा करवाए गए मिलान में करीब 9.57 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी सामने आई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गबन की राशि से आरोपियों ने संपत्ति खरीदी और कई लोगों के खातों में रकम ट्रांसफर की गई। साथ ही आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी ओम सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)         


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static