सड़क घेरी तो खैर नहीं! बहादुरगढ़ नगर परिषद का सख्त अभियान; ड्रेन किनारे से हटाया अतिक्रमण
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 06:35 PM (IST)
बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार धनखड़): बहादुरगढ़ नगर परिषद की टीम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए वेस्ट जुआ ड्रेन पर बनी सड़क से अवैध कब्जे हटवाए। नगर परिषद के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया और दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त कर लिया।
अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वाले दर्जन भर से अधिक दुकानदारों के चालान भी काटे गए। नगर परिषद की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार जल्दबाजी में अपना सामान समेटते नजर आए। इस दौरान महिला दुकानदार हाथ जोड़कर अपना सामान बचाने की गुहार लगाती दिखाई दी, लेकिन नगर परिषद की टीम ने नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रखी।
नगर परिषद के एमई जोगेंद्र संधु ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद ने शहर में यातायात और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।