बहादुरगढ़ में दर्दनाक हादसा, बीच सड़क कैंटर में लगी आग...जिंदा जला ड्राइवर; मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 09:37 AM (IST)
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कैंटर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा नया गांव बीर बरखताबाद बाईपास पर उस समय हुआ, जब बादली की ओर से सामान लेकर बहादुरगढ़ आ रहा एक कैंटर सड़क किनारे रुका।
बताया जा रहा है कि चालक कैंटर को साइड में खड़ा कर नीचे उतरने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे बिजली के ढीले तार कैंटर के संपर्क में आ गए। अर्थिंग होने से चालक करंट की चपेट में आ गया और देखते ही देखते कैंटर में आग लग गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से झुलस गया और बिजली के करंट और आग की लपटों में घिरने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी राकेश के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली के ढीले तारों को लेकर किस स्तर पर लापरवाही रही।