बहादुरगढ़ ट्रिपल डेथ केस: सुसाइड नोट से हुआ बड़ा खुलासा, पत्नी और उसके दोस्त को ठहराया जिम्मेदार
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 11:09 AM (IST)
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ शहर की ओमैक्स सिटी स्थित बीपीएल फ्लैट्स में दो मासूम बच्चों की हत्या के बाद पिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने मृतक सुनील की पत्नी और उसके एक दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट के आधार पर की गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सुनील ने आत्महत्या से पहले लिखे सुसाइड नोट में अपनी पत्नी और उसके दोस्त को अपनी तथा अपने दोनों बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट को जांच का अहम साक्ष्य मानते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
झज्जर की पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। सुसाइड नोट की भी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतक सुनील मूल रूप से महेंद्रगढ़ जिले के खुडान गांव का रहने वाला था। उसका परिवार बहादुरगढ़ के लाइनपार स्थित हरि नगर में रहता है। सुनील ओमैक्स सिटी के बीपीएल फ्लैट नंबर-309 में किराये पर रहकर ड्राइविंग और प्रॉपर्टी का काम करता था। घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। बताया जा रहा है कि सुनील अपनी पत्नी के वापस आने की बात कहकर सोमवार को फ्लैट पर लौटा था, जहां यह दर्दनाक घटना सामने आई।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।