"मैं अकेला नहीं, साहब भी हैं": 5 लाख के साथ गिरफ्तार BDPO ने रिश्वतकांड में खोला बड़े अधिकारियों का राज...
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 08:36 PM (IST)
गुहला/चीका (कपिल): ए.सी.बी. कैथल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुहला के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी जगजीत सिंह को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गांव बदसूई निवासी संदीप सिंह की शिकायत पर अमल में लाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2000 में एस.डी.एम कोर्ट के फैसले के खिलाफ सिविल कोर्ट और कमिश्नर कोर्ट से स्टे होने के बावजूद पंचायत अधिकारी द्वारा शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने के लिए लगातार नोटिस जारी किए जा रहे थे। इतना ही नहीं, स्टे होने के बावजूद संदीप सिंह के मकान को गिराने के आदेश जारी करने की बात भी सामने आई है। इस मामले में रिश्वत के तार अन्य उच्च अधिकारियों तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल ए.सी.बी. टीम पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
शिकायतकर्ता ने कहा उनके पास मौजूद रिकॉर्डिंग में बी.डी.पी.ओ ने कहा - मैं अकेला थोड़े ही हूं, एस.डी.एम. साहब भी तो हैं : इस मामले में दूरभाष पर जानकारी देते हुए मामले के शिकायतकर्ता संदीप सिंह ने बताया कि उनके पास यह रिकॉर्डिंग उपलब्ध है जिस समय बी.ड़ी.पी.ओ से उनकी बात हो रही थी तो उन्होंने रिश्वत की राशि पर यह कहा था कि मैं अकेला थोडे ही हूं एस.डी.एम साहब भी तो है। बहरहाल इस मामले में जब एस.डी.एम गुहला कैप्टन प्रमेश सिंह का पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उनके द्वारा फोन नहीं उठाया गया और कोई प्रति उत्तर नहीं दिया गया। बहरहाल इस मामले में पंजाब केसरी पुष्टि नहीं करता कि मामले में कितनी सत्यता है लेकिन शिकायत कर्ता द्वारा लगाए गए आरोप भी नहीं नकारे जा सकते। ए.सी.बी. से जांच अधिकारी सूबे सिंह ने कहा कि शिकायतकर्ता से शिकायत प्राप्त हुई थी और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर टीम का गठन करके यह कार्रवाई अंजाम में लाई गई है।