पलवल नगर परिषद में बड़ा Scam, वर्षों से सरकारी कागजों पर प्रयोग हो रहे हैं पार्षद के नकली साइन और स्टाम्प मोहर

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 03:14 PM (IST)

पलवल (दिनेश कुमार) : पलवल नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत बड़ा स्कैम सामने आया है जहां कुछ युवकों द्वारा एक मौजूदा पार्षद के वर्षों से फर्जी हस्ताक्षर और स्टाम्प मोहर बनाकर नकली दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता पार्षद के अनुसार यह स्कैम सीएससी संचालक की देखरेख में वर्ष 2024 से चल रहा है जिसके बारे में उन्हें अब जानकारी मिली है और इसकी शिकायत कैंप थाना पुलिस को दी है, साथ ही जिला नगर आयुक्त को भी इस बावत अवगत कराया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए पलवल नगर परिषद वार्ड नंबर 13 से पार्षद अनिल गोसाईं ने बताया कि पलवल वार्ड नंबर-12 से एक बुजुर्ग 14 मार्च को उनके पास किसी जमीनी कागज पर तस्दीक करने आया जिस पर मेरी स्टांप मोहर पहले ही लगी हुई थी और मेरे हस्ताक्षर हुए पड़े थे तो मैंने उस बुजुर्ग से कहा कि आपको यह कागज जिस पर मैंने कभी साइन नहीं किए न ही मोहर लगाई कहां से मिल गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें यह कागज एक रिक्की मदान नामक वकील ने दिए हैं। जब मैने बुजुर्ग के बताए अनुसार उक्त वकील को अपने घर बुलाया और फर्जी स्टाम्प मोहर और हस्ताक्षर हुए कागज के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उन्होंने यह डॉक्यूमेंट सीएससी संचालक निखिल दिवान से लिया है। जब उन्होंने सीएससी संचालक को भी मौके पर बुलाया तो उसने कैंप मार्किट के प्रधान आशु राजपाल का नाम लिया। लेकिन उक्त तीनों ने ही यह स्वीकार नहीं किया कि यह फर्जी दस्तावेज उन्होंने बनाए है। 

शिकायतकर्ता पार्षद का कहना है कि उन्होंने कैंप थाना पुलिस को शिकायत में मांग की है कि उक्त फर्जीवाड़े की जांच की जाए ताकि किसी भी जनप्रतिनिधि की जिम्मेवारी के साथ फर्जीवाड़ा न हो और जनता को भी कोई समस्या न आए। वहीं उनके साथ मौजूद अन्य पार्षदों एवं वाइस चेयरमैन ने कहा कि उन्होंने पुलिस से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की, क्योंकि अभी केवल एक वार्ड से यह घटना सामने आई है। अगर सही जांच हुई तो अन्य वार्डो में भी इस तरह की घटना सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि सीएससी संचालकों द्वारा शहर में अनैतिक कार्य जोरों पर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static