किसानों को कमजोर समझने की भूल न करे भाजपा, पूरा देश उनके साथ खड़ा है : शैलजा

punjabkesari.in Saturday, Jan 30, 2021 - 11:04 AM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा द्वारा डराकर और धमकाकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों की आवाज को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दिल्ली की सीमाओं पर इस कड़ाके की ठंड में बैठे किसानों पर हमले करवा रही है। लोकतंत्र मे शांतिपूर्ण आंदोलन करना सभी का अधिकार है। भाजपा अपनी ऐसी ओछी हरकतों से बाज आए। भाजपा किसानों को कमजोर समझने की भूल न करे। पूरा देश किसानों के साथ खड़ा है। यह बातें हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने यहां जारी बयान में कहीं।

कुमारी शैलजा ने कहा कि किसान आंदोलन का गला घोंटने के लिए भाजपा सरकार हर ओछे हथकंडे अपना रही है। भाजपा सरकार की किसान आंदोलन को बदनाम करने की कलई खुलने लग गई है। गणतंत्र दिवस पर लाल किले पर जो शर्मनाक करतूत की गई, उसमें शामिल लोगों की भाजपा के साथ नजदीकियों की खबरें सामने आ रही है। भाजपा सरकार द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे किसानों को डराया, धमकाया जा रहा है। उन्हें आंदोलनस्थल खाली करने के लिए धमकियां दी जा रही हैं। भाजपा के इशारे पर किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। भाजपा द्वारा साजिश के तहत किसानों पर हमले करवाए जा रहे हैं। पहले गाजीपुर बॉर्डर और अब सिंघु बॉर्डर पर जो हुआ वह पूरे देश ने देखा। यह भाजपा की सुनियोजित साजिश है। इससे पहले भी भाजपा सरकार ने लगातार किसान आंदोलन को बदनाम करने के लिए तमाम हथकंडे अपनाए हैं। ऐसी हरकतों से किसानों के हौसलों को नहीं डिगाया जा सकता।

शैलजा ने कहा कि सरकार का यह क्रूर प्रहार सिर्फ किसानों पर नहीं अपितु हर भारतवासी पर किया जा रहा एक घातक वार है। यह जन-आंदोलन न तो रुकेगा और न ही डिगेगा, पूरा देश किसानों के साथ खड़ा है और खड़ा रहेगा। यह लड़ाई केवल अन्नदाता की नहीं, पूरे देश की लड़ाई है। शैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्य और न्याय की लड़ाई में किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। किसानों का संघर्ष अवश्य रंग लाएगा। किसान भाई एकजुटता बनाए रखें। अनुशासन व संयम से शांतिपूर्वक आंदोलन द्वारा अहंकारी सरकार को झुकने पर मजबूर होना पड़ेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static