हरियाणा विधानसभा में बीजेपी की बड़ी जीत, सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को दी बधाई

punjabkesari.in Tuesday, Oct 08, 2024 - 05:04 PM (IST)

हरियाणा/ लखनऊ: हरियाणा हरियाणा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और मतदाताओं को बधाई दी। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने ‘एक्स' पर एक संदेश में कहा, “हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 में भाजपा को मिली ऐतिहासिक विजय की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक बधाई!”

उन्होंने कहा, “विकसित हरियाणा-विकसित भारत' की संकल्पना की सिद्धि को समर्पित यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोक-कल्याणकारी नीतियों, मुख्यमंत्री नायब सैनी के कुशल नेतृत्व और ‘डबल इंजन की भाजपा सरकार की शक्ति पर हरियाणा की जनता-जनार्दन के विश्वास की मुहर है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम' भाव से ओतप्रोत भाजपा को फिर से सेवा का सौभाग्य प्रदान करने के लिए सभी हरियाणा वासियों का हार्दिक अभिनंदन।

वहीं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और कामकाज के तरीके के कारण हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लगातार तीसरी बार जनादेश दिया है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर नवीनतम रुझानों के अनुसार भाजपा राज्य विधानसभा चुनाव में जीत की ओर बढ़ती दिख रही है और पार्टी 90 में से लगभग 50 पर बढ़त बनाए हुए है।

मनोहर लाल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘लोगों ने एक संदेश दिया है। मोदी सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और कामकाज के तरीके ने लोगों पर प्रभाव छोड़ा है। इसीलिए लोगों ने लगातार तीसरी बार भाजपा को जनादेश दिया है।'' नौ साल से अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने के बाद, भाजपा के वरिष्ठ नेता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और उनकी जगह इस साल मार्च में लोकसभा चुनावों से पहले नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री बने। मनोहर लाल ने कहा कि यह पहली बार है कि जब कोई पार्टी हरियाणा में तीसरी बार अपनी सरकार बनाने जा रही है। इससे पहले दिन में, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के हरियाणा प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और अन्य नेताओं ने यहां मनोहर लाल से उनके आवास पर मुलाकात की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static