ब्लैक टी-शर्ट, पीली रस्सी और खौफनाक कत्ल, नहर में मिला 4 दिन पुराना शव... बाजू पर गुदा है पंजाबी में नाम

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 12:37 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के इस्माइलाबाद क्षेत्र के डल्ला माजरा गांव के पास नरवाना ब्रांच भाखड़ा नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार युवक के हाथ-पैर पीले रंग की रस्सी से बंधे हुए थे, जबकि उसके सिर और माथे पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव करीब 3-4 दिन पुराना बताया जा रहा है। युवक ने ब्लैक टी-शर्ट और लोअर पहन रखा था।

जांच के दौरान युवक के बाएं बाजू पर पंजाबी भाषा में “सहोता” नाम का टैटू बना हुआ मिला है, जिससे पुलिस को आशंका है कि युवक पंजाब का रहने वाला हो सकता है। पुलिस आसपास के इलाकों और जिले के थानों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाल रही है।

गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि राहगीरों से नहर में शव बहने की सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। वहीं पुलिस का कहना है कि टैटू के आधार पर मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और इसके लिए पंजाब पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।

थाना इस्माइलाबाद के SHO जगदीश शर्मा ने बताया कि युवक की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। फिलहाल शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है ताकि पहचान हो सके। युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static