वृद्धाश्रम का काला सच- महिला वार्ड में वृद्धा की पिटाई का वीडियो वायरल, कर्मचारी पर दुष्कर्म का आरोप

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2020 - 05:16 PM (IST)

 रेवाड़ी (मोहिंदर भारती): रेवाड़ी वृद्धाश्रम का काला सच एक बार फिर सामने निकल कर आया है, जिसे जानकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। रोने की वह चीख जो कभी चारदिवारी से बाहर न निकली वह सच जो अधिकारियों ने आज तक बाहर न आने दिया। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो वृद्धाश्रम के महिला वार्ड का है। वीडियो में एक वृद्धा को एक महिला डंडों से पीट रही है। 

वहीं एक वृद्ध महिला ने आश्रम के ही 2 कर्मचारियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला ने 22 सितंबर को थाने में शिकायत दी थी, लेकिन आज 1 माह बीतने के बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करने की भी जहमत नहीं उठाई। हालांकि पुलिस एक दो बार वृद्धाश्रम पहुंची, कर्मचारियों को भी अपने साथ थाने ले गई, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ। 



बताया जा रहा है कि शिकायत करने वाली वृद्ध महिला रात को दूसरे माले की खिड़की से कूदकर नीचे आई कहीं चली गई, लेकिन वृद्ध आश्रम के सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी और आज इस महिला का कोई अता पता नहीं है। महिला के गायब होने से यह भी सवाल उठता है कि महिला अपने आप गायब हुई या गायब की गई है, यह भी जांच का विषय है। 

इस संबंध में विभाग की मुखिया से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा कि वह कुछ भी नहीं बताएगी। वहीं महिला  थाना प्रभारी ने कहा कि गड़े मुर्दे नहीं उखाडऩे चाहिए। ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वृद्धाश्रम में सुरक्षा कितनी चाक चौबंद है और महिलाओं के प्रति पुलिस कितनी संवेदनशील है। 

गौरतलब है कि बाल आश्रम व वृद्धाश्रम एक ही परिसर में चल रहे हैं। अगर बात करें बाल आश्रय की तो यह भी कई बार सुर्खियों में रहा है। यहां की कई बच्चे खिड़कियों के जंगले तोड़कर फरार हो चुके हैं। अब देखना होगा कि क्या पुलिस व प्रशासन यह जांच कराएगा की क्या वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म हुआ था, शिकायत पर मामला दर्ज आखिर क्यों नहीं हुआ, वृद्ध महिला चारदीवारी कूदकर फरार हुई या कराई गई कई ऐसे सवाल हैं जो जांच के बाद सामने आने चाहिए लेकिन विभाग व पुलिस एक माह से पर्दा डाले हुए है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static