कार पार्किंग और कुत्ते के विवाद में हुआ खूनी संघर्ष, केस दर्ज
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 08:38 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): ज्योति पार्क इलाके में कार पार्किंग और गली के कुत्तों को लेकर विवाद एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसियों के बीच हुई इस खूनी झड़प के दौरान एक युवक पर हमला कर उसे बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत और सरकारी अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी गई शिकायत में अमित कुमार ने बताया कि गत 18 सितंबर 2026 को उनके पड़ोस में रहने वालों के साथ कार की पार्किंग और गली के बेसहारा कुत्तों को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस संबंध में दोनों पक्षों ने थाने और सीपी ऑफिस में शिकायतें दी थी। मामले को सुलझाने के लिए 13 अक्टूबर को थाने में दोनों पक्षों को बुलाया गया था, जहां सहमति से थाने में लिखित समाधान के लिए बात तय हुई, लेकिन इसके बावजूद आरोपी पक्ष मन में रंजिश रखने लगा।
पीड़ित अमित कुमार ने आरोप लगाया कि 13 अक्टूबर को ही शाम करीब साढ़े तीन बजे जब वह अपने घर की छत पर जा रहे थे, तो पड़ोसी ने अपने सीसीटीवी कैमरे में देखकर योजना के तहत उनका पीछा किया। उस समय अमित अकेले थे। आरोप है कि पड़ोसी ने कहा कि आज इसको सबक सिखा देते हैं। इसके बाद सीढ़ियों में उन्हेंं रोक लिया और सभी आरोपियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर पड़ोसी पीयूष और उनकी माता हिमानी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, जिसमें आरोपी उनके साथ मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। इस हमले में अमित कुमार को अंदरूनी और गंभीर चोटें आईं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी चोटों की जांच कर मेडिकल रिपोर्ट तैयार की, जिसमें तीन गंभीर चोटें दर्ज की गईं। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।