Bomb threat : खालिस्तानी संगठन की बम धमकी से सहमा अंबाला, 6 जून की डेडलाइन से सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं...
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 04:32 PM (IST)
अंबाला (अमन कपूर): पिछले कुछ महीनों से देश के अलग-अलग हिस्सों की तरह अंबाला में भी सरकारी संस्थानों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। अब एक बार फिर अंबाला शहर को दहलाने की साजिश रची गई है। इस बार खालिस्तान नेशनल आर्मी नाम के संगठन की तरफ से एक धमकी भरा ईमेल आया है, जिसमें अंबाला शहर नगर निगम, अंबाला कोर्ट और अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की बात कही गई है। इस मेल के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि जिले में एक बार फिर दहशत का साया है। इस बार आतंकियों की तरफ से 6 जून को इन सरकारी और सार्वजनिक जगहों पर बम धमाके करने की डेडलाइन दी गई है। धमकी मिलने के बाद से ही पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद होने का दावा कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। लेकिन बड़ा सवाल ये है कि आखिर ये मेल कहां से आ रहे हैं? इन्हें कौन भेज रहा है और इसके पीछे किसकी गहरी साजिश है?

अंबाला पुलिस अब तक इन ईमेल्स के पीछे के मास्टरमाइंड का पर्दाफाश करने में नाकाम रही है। हर बार की तरह इस बार भी पुलिस के पास सिर्फ एक ही रटा-रटाया जवाब है कि जांच चल रही है और आरोपी जल्द पकड़ लिए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं और नगर निगम में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं रेलवे स्टेशन की सुरक्षा की जिम्मेदारी जीआरपी को सौंपी गई है, जो अपनी तरफ से सतर्कता बरत रही है।
राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से लगातार संपर्क साधा जा रहा है। लेकिन जनता के मन में यह सवाल जस का तस बना हुआ है कि जब तक धमकी देने वाले सलाखों के पीछे नहीं पहुंच जाते, तब तक यह सुरक्षा के खोखले दावे कितने सुरक्षित हैं? 6 जून की तारीख नजदीक है, ऐसे में पुलिस की टेक्निकल टीम के लिए यह समय के खिलाफ एक बड़ी रेस है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)