हे भगवान! पहले भाई बना, फिर सगी 2 बहनों को भगा ले गया दो बच्चों का पिता

punjabkesari.in Monday, Feb 03, 2025 - 08:55 AM (IST)

पानीपत  (सचिन शर्मा) : पानीपत जिले में मुंहबोला भाई दो सगी बहनों को भगाकर ले गया। लड़कियों के पिता ने बताया कि आरोपी उनके बेटे का दोस्त है और उसी से मिलने के बहाने वो अक्सर घर पर आया करता था। रक्षाबंधन पर कई बार वो लड़कियों से राखी भी बंधवाता था। हैरानी की बात ये है कि ये पहली बार नहीं है जब युवक दोनों लड़कियों को भगा ले गया है। लड़कियों के पिता की मानें तो 3 महीने पहले भी युवक दोनों लड़कियों को अपने साथ ले गया था। पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि बड़ी बेटी को वो अपने लिए और छोटी बेटी को अपने दोस्त के लिए लेकर गया है। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने अब पिता की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के साथ दोनों लड़कियों की तलाश की जा रही है।

2 बच्चों का पिता है आरोपी 

लड़कियों के पिता ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला है। उसकी दो बेटियां हैं जिनमें बड़ी बेटी 18 और छोटी बेटी 16 साल की है। दोनों ही 31 जनवरी की शाम करीब 5 बजे से घर से लापता हैं। परिवार ने लड़कियों को ढूंढने की बड़ी कोशिश की, लेकिन वो कहीं नहीं मिलीं। पिता ने लड़कियों को भगाने का आरोप गोंडा जिले के रहने वाला 35 वर्षीय बृजेश पर लगाया है जो कि शादीशुदा है और 2 बच्चों का पिता है। लड़कियों के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक बड़ी बेटी को अपने साथ रखता है और छोटी बेटी को अपने दोस्त सोनू निवासी गांव बिंझौल के हवाले कर देता है। 

पहले भी दोनों बहनों को लेकर भागा था आरोपी 

साथ ही पिता ने बताया कि पिछले साल 22 नवंबर को भी आरोपी दोनों लड़कियों को लेकर फरार हो गया था। 3 महीने पहले जब आरोपी लड़कियों को लेकर गया था तो कुछ ही दिन बाद वो उन्हें थाने में ही छोड़ गया था। चूंकी लड़कियों की सकुशल बरामदगी हो गई थी इसलिए पुलिस ने ये मामला ट्रेस आउट में डाल दिया था। इसके बाद परिवार लड़कियों को घर ले गया और उन्होंने काफी समझाया। परिवार को भरोसा था कि लड़कियां अब दोबारा ऐसा नहीं करेंगी।

पिता ने कहा कि पिछली बार जब आरोपी लड़कियों को अपने साथ ले गया था तो वापस आने पर दोनों लड़कियों ने मांग में सिंदूर भरा हुआ था। वह बड़ी बेटी को अपनी पत्नी बनाकर रख रहा था जबकि उसने छोटी बेटी को अपने दोस्त के पास भेज दिया था उसकी मांग में भी सिंदूर था। उन्होंने बताया कि आरोपी उनके बेटे का दोस्त था और उसी से मिलने के बहाने घर पर आया करता था। जब पहली बार वह लड़कियों को ले गया, तब परिवार में किसी को यकीन नहीं हुआ था कि बृजेश ऐसा काम कर सकता है। इस बारे में पुराना औद्योगिक थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र का कहना है कि शिकायत के आधार पर BNS की धारा 127(6) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। विभिन्न पहलुओं के आधार पर दोनों लड़कियों की तलाश जारी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static