पानीपत में फूफा ने बच्ची के साथ की दरिंदगी, फिर खेतों में फेंका...दिल दहला देगी खौफनाक दास्तां
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 02:10 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद घिनौना मामला सामने आया है। यहां एक 12 साल की मासूम और बेबस बच्ची को उसके सगे फूफा ने ही अपनी हवस का शिकार बना डाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम और बाल कल्याण समिति (CWC) के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। जब काउंसिलिंग टीम ने बच्ची को विश्वास में लिया और प्यार से बातचीत की, तो उसने रोते हुए अपनी जो दास्तां सुनाई, उसे सुनकर अधिकारियों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार की रात करीब 9 बजे बदहवास और अर्धबेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ी बच्ची ने वहां से गुजर रहे राहगीरों को अंकल-अंकल कहकर आवाज लगाई। वहां से मोटर साइकिल पर गुजर रहे दो दोस्तों ने बच्ची की दर्दभरी आवाज सुनी और तुरंत रुक गए। बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए दोनों युवकों ने मानवता दिखाई और उसे तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
बच्ची की मां की हो चुकी मौत
बच्ची ने बताया कि बचपन में ही उसकी मां की मौत हो चुकी है। मां के गुजर जाने के बाद पिता ने दूसरा निकाह कर लिया, जिसके बाद से घर में उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है, लेकिन पेट पालने के लिए कभी-कभार बॉर्डर पार कर पानीपत में कूड़ा बीनने आ जाती है। इसके अलावा वह एक मुर्गी फॉर्म पर मजदूरी भी करती है।
पहले भी किया था गलत काम, छोटा फूफा दिखाता था गंदी वीडियो
मासूम ने बताया कि उसके दो फूफा हैं। गुरुवार को दिन के समय उसका बड़ा फूफा उसे घर से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले आया। वह उसे मुख्य रास्तों के बजाय खेतों के सुनसान रास्ते से पैदल-पैदल लेकर जा रहा था। बीच रास्ते में फूफा ने उसे कोई चीज बताकर 5 नशीली गोलियां खिला दीं। गोलियां खाने के कुछ ही देर बाद बच्ची का सिर चकराने लगा और वह पूरी तरह बदहोश हो गई। बच्ची ने बताया कि जब वह बेसुध हालत में थी, तो फूफा ने खेतों के बीच उसके साथ जबरन गलत काम (रेप) किया। इस घिनौने कृत्य के बाद बच्ची की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। जब वह पूरी तरह बेहोश हो गई, तो आरोपी फूफा पकड़े जाने के डर से उसे सड़क किनारे लावारिस हालत में फेंक कर मौके से फरार हो गया। बच्ची ने काउंसलिंग में एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसका फूफा उसके साथ पहले भी कई बार रेप की वारदात को अंजाम दे चुका है। वहीं उसका छोटा फूफा भी बेहद गंदी मानसिकता का है, जो अक्सर उसे अपने मोबाइल फोन पर अश्लील (गंदी) वीडियो दिखाता है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)