दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कैब की छत पर सामान के साथ सफर करता नजर आया युवक, केस दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 10:11 AM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुरुग्राम में तमाम कोशिशों के बावजूद ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर जानलेवा स्टंट करने और रील बनाने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सामने आया है, जहां एक युवक ने रफ़्तार के रोमांच में अपनी और हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में डाली। हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ती एक कैब की छत पर एक युवक भारी-भरकम सामान के साथ बेहद खतरनाक तरीके से सफर करता नजर आया। इस हैरान कर देने वाले सफर का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस घोर लापरवाही पर रोष जता रहे हैं। वहीं, जब यह वीडियो गुरुग्राम पुलिस के सामने आया तो पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो एनएच-48 पर एक्सप्रेसवे के मुख्य कैरिजवे का बताया जा रहा है। वीडियो में हाईवे पर तेज गति से दौड़ रही एक कैब की छत पर कोई कैरियर (सामान रखने वाला स्टैंड) भी नहीं लगा था। इसके बावजूद कैब की छत पर भारी-भरकम सामान लादकर सामान के साथ एक युवक संतुलन बनाए बैठा नजर आ रहा है। इस जानलेवा नजारे को पीछे से आ रही एक अन्य कार के ड्राइवर ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। 

 

वीडियो में साफ दिख रहा है कि गाड़ी काफी तेज रफ्तार में है और युवक बिना किसी सुरक्षा व सहारे के कार की छत पर बैठा हुआ है। ऐसी स्थिति में न सिर्फ युवक की जान जाती, बल्कि पीछे से तेज गति से आ रहे अन्य भारी वाहन भी इसकी चपेट में आकर बड़े सड़क हादसे का शिकार हो सकते थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static