ड्यूटी पर जा रहे सिक्योरिटी गार्ड को कार ने कुचला, अस्पताल में थम गई सांसें, परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 08:28 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): शहर के रेडक्रॉस भवन के समीप हुए सड़क हादसे में एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। साइकिल पर ड्यूटी के लिए जा रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान धौबी मोहल्ला निवासी सतपाल (55) के रूप में हुई है। वह जीटी रोड स्थित उमरी चौक के पास कोहिनूर सिटी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। सतपाल अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक पुत्र शिवम को छोड़ गए हैं। उनका पुत्र शिवम हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत जगाधरी अस्पताल में हेल्पर के रूप में कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब सात बजे सतपाल साइकिल पर अपनी ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जब वह रेडक्रॉस भवन के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सतपाल कई फुट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी एवं मृतक के भतीजे पवन कुमार ने बताया कि वह अपने काम से सेक्टर-8 की ओर जा रहा था। रेडक्रॉस भवन के पास पहुंचने पर उसने हादसा होते देखा। घायल व्यक्ति के पास पहुंचने पर पता चला कि वह उसके चाचा सतपाल हैं। हादसे में उनके सिर, कंधे, बाजू और ठोड़ी पर गंभीर चोटें आई थीं तथा कान से भी खून बह रहा था।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। परिजनों और राहगीरों की मदद से सतपाल को तुरंत लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार नहीं हुआ। उसकी पहचान कैथल जिले के जाजनपुर निवासी लोकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है। सतपाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)