महिला की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए हत्या करने का आरोप, केस दर्ज
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 09:03 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सदर थाना एरिया के झाड़सा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 3(5), 80 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री खुशबू गुप्ता का विवाह प्रयागराज निवासी हिमांशु गुप्ता के साथ हिंदू रीति-रिवाज से कराया था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति, सास और ननद द्वारा दहेज की मांग को लेकर खुशबू को प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार समझौते के प्रयास भी किए गए, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। शिकायत के अनुसार, पिछले दो वर्षों से खुशबू अपने पति के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-39 स्थित किराए के मकान में रह रही थी। 3 अगस्त को खुशबू ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की है। देर रात परिजनों ने दोबारा संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि खुशबू की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। कुछ देर बाद परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली।
सूचना मिलने पर पुलिस सेक्टर-51 स्थित अस्पताल पहुंची, जहां महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।