गुरु गोबिंद सिंह जंयती धूमधाम से मनाएगी हरियाणा सरकार
punjabkesari.in Thursday, Nov 17, 2016 - 08:51 PM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने गुरू गोबिन्द सिंह जयंती को बड़े ही धूमधाम और बड़े स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। गुरू गोबिन्द सिंह जयंती के उपलक्ष्य में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी गुरुवार को चंडीगढ़ में मुख्य संसदीय सचिव बक्शीश सिंह विर्क की अध्यक्षता में गुरू गोबिन्द सिंह जयंती को मनाने के लिए आयोजित की गई बैठक में दी गई।
इस अवसर पर मुख्य सचिव डी.एस. ढेसी भी उपस्थित थे। इस जयंती को मनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक समिति का गठन किया जाएगा जिसमें राजनीतिक दलों, कला जगत, मीडिया और अन्य संस्थाओं से जुड़े लोगों को शामिल किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि पंजाब के आंनदपुर साहिब से पटनासाहिब तक एक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है और यह यात्रा हरियाणा से होकर गुजरेगी। हरियाणा के जिन-जिन क्षेत्रों से यह यात्रा होकर गुजरेगी वहां-वहां पर साज-सजावट के साथ-साथ विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगें।
बैठक में बताया गया कि गुरू गोबिन्द सिंह जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जैसे कि सैमीनार, चित्रकला प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, परम्परागत मार्शल आर्ट इत्यादि शामिल है। इसके अलावा, प्रदेश की विभिन्न संस्थाओं के साथ-साथ सड़कों का नाम गुरू गोबिन्द सिंह के नाम पर भी रखने पर विचार किया गया।