पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के लाइव शो में मचा बवाल

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 07:46 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): होली के अवसर पर गुड़गांव के सेक्टर-29 स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के जिमखाना क्लब में आयोजित पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के लाइव शो में कुछ युवकों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान युवकों में जमकर लात-घूसे चले। वहीं मामले में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कराया। हालांकि मामले में किसी को भी न तो चोट आई और न ही किसी ने भी पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने बताया कि मामले में कोई भी केस दर्ज नहीं हुआ है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

जानकारी के मुताबिक, पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के लाइव शो के लिए गुड़गांव ही नहीं बल्कि दिल्ली व आसपास के जिलों से भी यहां युवा पहुंचे थे। इस दौरान कुछ युवा शराब के नशे में धुत थे। इन युवाओं में नाचने को लेकर आपस में विवाद हो गया। वहीं, एक युवक द्वारा स्टेज पर भी चढ़ने का प्रयास किया गया जिसके बाद यहां बवाल होना शुरू हो गया। इस दौरान स्टेज पर मौजूद पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख ने भी नशे में धुत युवाओं द्वारा किए जा रहे हंगामे पर चुटकी लेते हुए कहा कि वो होली ही क्या जिसमें हंगामा न हो। हालांकि उन्होंने इस दौरान लोगों के बीच मौजूद ढोल बजाने वालों को ढोल बजाने से मना किया ताकि पुलिस बीच में आकर इन युवाओं के हंगामे को शांत करा सके। 

 

इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस ने भी सतर्कता दिखाई और हंगामा कर रहे युवाओं को कार्यक्रम से बाहर का रास्ता दिखा दिया और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया। पुलिस प्रवक्ता की मानें तो मामूली कहासुनी में युवा आपस में भिड़ गए। ज्यादातर युवा आपस में दोस्त थे जिनमें उसी वक्त ही सुलह भी हो गई। मामले में किसी को भी चोट नहीं आई और न ही पुलिस को कोई शिकायत दी गई। ऐसे में कोई भी मामला दर्ज नहीं किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static