मुख्यमंत्री मनोहर लाल 3 दिसंबर को करेंगे ‘विरासत’ हेरिटेज विलेज का उद्घाटन

punjabkesari.in Monday, Dec 02, 2019 - 05:13 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चल रहे अंन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पर्यटकों के लिए ‘विरासत’ हैरिटेज विलेज स्थापित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री मनोहर लाल 3 दिसंबर, 2019 को करेंगे। यहां पर पर्यटकों के लिए हरियाणावी खाने की व्यवस्था होगी। ताकि हरियाणवी संस्कृति एवं खाने की महक पर्यटकों तक पहुंच सके।

इस विरासत हेरिटेज पंडाल में राज्य की सम्पूर्ण ग्रामीण संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। पहली बार गीता महोत्सव समारोह में हरियाणा के सम्पूर्ण ग्रामीण संस्कृति को हुबहू रूप में पारम्परिक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही पंडाल में अनेक हरियाणवी संस्कृति से जुड़े हुए सेल्फी स्थल निर्धारित किए जाएगें ताकि युवाओं को सेल्फी एवं हरियाणवी खान-पान के माध्यम से संस्कृति से जोड़ सकें।

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के नौंवे दिन उत्तराखंड, कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और हिमाचल के कलाकारों ने अपने-अपने प्रदेश के लोक नृत्य को प्रस्तुत किया। भारत के इन सांस्कृतिक झरोखों को देखकर पर्यटक भाव-विभोर हो गए। इन कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। इस प्रकार ब्रहमसरोवर का महिला घाट भारत की संस्कृति का केंद्र बनता नजर आया।

इस मंच पर सभी प्रदेशों की संस्कृति की झलक देखी गई। जिसमें म्यूरल चित्राकृतियां भी गीता महोत्सव की शान को बढ़ा रही हैं।इस अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में हरियाणा ग्रंथ द्वारा पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य हरियाणा के साहित्य व इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static