विनम्रता और काम से दिल जीत रहे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय नेतृत्व ने भी जताया भरोसा
punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 07:49 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली और व्यवहार की चर्चा अब केवल प्रदेश तक सीमित नहीं रही। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री सहित शीर्ष नेताओं ने विभिन्न अवसरों पर हरियाणा सरकार के कामकाज और मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व की सराहना की है। दूसरी ओर उनकी विनम्रता, शालीनता, सहज उपलब्धता और आमजन से आत्मीय व्यवहार ने उन्हें जनता के बीच तेजी से लोकप्रिय बनाया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी नेता की पहचान केवल उसके निर्णयों से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार और जनता से जुड़ाव से भी बनती है। नायब सिंह सैनी ने अपनी सादगी, सहजता और जनसेवा की भावना के बल पर कम समय में अलग पहचान स्थापित की है। यही कारण है कि उनकी लोकप्रियता का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है।
केंद्र में भी हो रही हरियाणा सरकार के काम की चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न मंचों से हरियाणा में विकास कार्यों और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा है कि राज्य में विकास को नई गति मिली है। वहीं केंद्रीय नेतृत्व ने भी कानून-व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रशंसा की है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में भी सरकार लगातार सक्रिय दिखाई दे रही है।
सुशासन और जनसेवा को बनाया प्राथमिकता
मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचे, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनी रहे और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे, इसी सोच के साथ सरकार ने कई पहल की हैं।
मुख्यमंत्री लगातार अधिकारियों को समयबद्ध कार्य संस्कृति अपनाने और आम नागरिकों की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि जनता को बिना अनावश्यक देरी के सरकारी सेवाएं उपलब्ध हों।
विनम्रता बनी सबसे बड़ी ताकत
राजनीति में सख्त प्रशासनिक निर्णयों के साथ सहज और विनम्र व्यवहार का संतुलन बनाना आसान नहीं होता, लेकिन नायब सिंह सैनी की यही शैली उन्हें अलग पहचान दिला रही है। चाहे पार्टी कार्यकर्ता हों, किसान, व्यापारी, कर्मचारी या आम नागरिक—मुख्यमंत्री सभी से आत्मीयता के साथ मिलते हैं और उनकी बात सुनने का प्रयास करते हैं।
उनकी मिलनसारिता और जमीन से जुड़ी कार्यशैली के कारण बड़ी संख्या में लोग उन्हें सहज उपलब्ध मुख्यमंत्री के रूप में देखते हैं। यही व्यवहार उनकी लोकप्रियता का मजबूत आधार बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री के प्रदेशभर के दौरे केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि वे विभिन्न वर्गों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनते हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देते हैं। शिक्षा, रोजगार, कृषि, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत ढांचे के विकास और गरीब कल्याण से जुड़े विषय उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहे हैं।
सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रशासन लोगों के प्रति अधिक संवेदनशील बने। इसी कारण आम लोगों में सरकार के प्रति विश्वास लगातार मजबूत होता दिखाई दे रहा है।
संगठन और सरकार का बेहतर तालमेल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नियमित रूप से पार्टी संगठन, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय भाजपा की संगठनात्मक मजबूती का भी महत्वपूर्ण आधार बना है।
विकास और व्यवहार से बन रही नई पहचान
हरियाणा की राजनीति में नायब सिंह सैनी ने कम समय में अपनी अलग कार्यशैली स्थापित की है। एक ओर केंद्र सरकार उनके नेतृत्व में हो रहे कार्यों की सराहना कर रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी सादगी, शालीनता, विनम्रता और जनसंपर्क की शैली ने उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बनाया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विकास, पारदर्शिता, सुशासन और सहज व्यवहार का यह समन्वय नायब सिंह सैनी की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरा है। यदि यही कार्यशैली आगे भी कायम रहती है, तो आने वाले समय में हरियाणा की राजनीति में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावशाली होती दिखाई दे सकती है।