पीड़िता की सुरक्षा सर्वोपरि! कुरुक्षेत्र मामले में एक्शन में आया बाल अधिकार आयोग, प्रशासन को अल्टीमेटम जारी
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 10:00 AM (IST)
कुरुक्षेत्र : हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने कुरुक्षेत्र के चर्चित दुष्कर्म प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को निर्देश दिए हैं कि नाबालिग पीड़िता की सुरक्षा, गोपनीयता, आत्मसम्मान और संरक्षण से संबंधित सभी पहलुओं की रिपोर्ट पांच दिनों के भीतर प्रस्तुत की जाए।
आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण की ओर से कुरुक्षेत्र के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र जारी किया है। आयोग ने मामले को सनसनीखेज तरीके से प्रस्तुत करने पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे पीड़िता के आत्मसम्मान, मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। आयोग ने पुलिस प्रशासन से पीड़िता की सुरक्षा में तैनात कर्मियों और सुरक्षा व्यवस्था का विवरण भी मांगा है। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी से पीड़िता के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
उपायुक्त को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल मंचों पर उपलब्ध ऐसी सभी सामग्री तत्काल क हटवाई जाए, जिनसे पीड़िता की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष पहचान उजागर होने की आशंका हो।
इसके अलावा एक नर्स की पुत्री के संबंध में प्रसारित आपत्तिजनक टिप्पणियों और सामग्री को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने की गई कार्रवाई की अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी है। आयोग का कहना है कि कुछ सार्वजनिक मंचों पर प्रसारित वीडियो और सामग्री में मामले से जुड़े तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।