रेवाड़ी जेल में हवालातियों के दो गुटों में खूनी भिड़ंत, एक दर्जन घायल; 9 आरोपियों पर केस दर्ज

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 03:40 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी की हाईटेक जिला जेल में गुरुवार शाम बैरक का गेट खोलने को लेकर हवालातियों के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लात-घूंसों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें करीब एक दर्जन हवालाती घायल हो गए। घटना ने एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

जानकारी के अनुसार, विवाद शाम के समय बैरकों के गेट खोलने के क्रम को लेकर शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि दूसरी बैरक का गेट पहले खोले जाने से गांव माजरा के सरपंच रविंद्र हाथी गुट के हवालाती नाराज हो गए। इसी बात को लेकर उनका गेट खोलने वाले रोशन और उसके साथियों से कहासुनी हो गई। जैसे ही बैरक नंबर-2 और बैरक नंबर-3 के गेट खुले, दोनों गुट एक-दूसरे पर टूट पड़े और जमकर मारपीट करने लगे। मारपीट में करीब एक दर्जन हवालाती घायल हुए। जेल प्रशासन ने तत्काल स्थिति पर काबू पाया और घायलों को उपचार उपलब्ध कराया। 

गौरतलब है कि इसी वर्ष मार्च से अब तक रेवाड़ी जेल में तीन बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उप सहायक अधीक्षक जेल परमिंद्र भारद्वाज की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने गांव माजरा के सरपंच रविंद्र हाथी सहित नौ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static