सुरजेवाला के बयान पर सुदेश कटारिया ने किया पलटवार, बोले- क्वालिटी एजुकेशन को बढ़ावा दे रहे CM

punjabkesari.in Sunday, Jan 22, 2023 - 09:19 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) : हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने रणदीप सिंह सुरजेवाला के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि क्वालिटी एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्कूल शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग को अलग-अलग किया है। दोनों विभागों के मंत्री व महानिदेशक अलग हैं। राज्य सरकार का फोकस तकनीकी व रोजगारपरक कोर्स पढ़ाने पर है।

 

सुदेश कटारिया ने कहा कि रणदीप सिंह सुरजेवाला का हरियाणा में अब कोई आधार नहीं रह गया है। वह अपना नाम जीवित रखने के लिए हरियाणा के मुद्दों पर सिर्फ बयानबाजी करने तक सीमित हैें। कैथल व जींद में चुनाव हारने के बाद राज्यसभा के दरवाजे से उन्हें कांग्रेस ने दिल्ली तक सीमित कर दिया है। इसलिए सुरजेवाला को इस बात की चिंता करनी चाहिये कि राहुल गांधी सही भाषण देना कैसे सीख सकते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला का काम राज दरबारी का है, जो कि राहुल गांधी के दरबार में राग गाते हैं। उन्हें हरियाणा के हितों से कोई वास्ता नहीं है।

            

हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने विपक्ष के हमलों का आंकड़ों व तथ्यों के साथ जवाब देते हुए कहा है कि अब उनके पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है। इसलिए जनता को गुमराह करने के लिए विपक्ष गलत हथकंडे अपनाने का मौका भी नहीं चूकना चाहता है। कटारिया ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने अब तक के आठ साल के कार्यकाल में 97 हजार 126 युवाओं को नौकरियां दी हैं। यह औसतन एक साल में 12 हजार से अधिक नौकरियां बनती हैं। प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के रिटायर होने का अनुपात तीन से पांच हजार तक प्रति साल है। पिछली सरकारों ने कर्मचारियों की रिटायरमेंट की वजह से खाली हुए पदों तक को नहीं भरा है, जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल तीन गुणा नौकरियां दे रहे हैं।इसी वित्तीय साल 2023 में हरियाणा कर्मचारी चयन आय़ोग और हरियाणा लोक सेवा आयोग की ओर से करीब एक लाख सरकारी नौकरियां देने की प्रक्रिया आरंभ की जा चुकी है। 

 

कटारिया ने बताया कि बागवानी फसलों के संरक्षित मूल्य देने के लिए भावांतर भरपाई योजना तथा प्राकृतिक आपदा के नुकसान की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना शुरू की गई है, जिसका लाभ किसानों को भरपूर मात्रा में मिल रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने फसल नुकसान की मुआवजा रकम में वृद्धि कर दी है। नुकसान की दो कैटेगरी में मुआवजा 12 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार और 10 हजार से बढ़ाकर 12 हजार 500 रुपये कर दिया गया है। धान, गेहूं, गन्ना और कपास की फसल को 75 परसेंट से ज्यादा नुकसान होने पर अब 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा मिलेगा।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static