जजपा हलकाध्यक्ष पर हमला, 2 के खिलाफ शिकायत दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Jan 12, 2020 - 12:01 PM (IST)

भिवानी: जननायक जनता पार्टी के बाढड़ा हलका प्रधान डा. विजय सांगवान मंदोला पर कुछ लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान उनकी पत्नी बिनू कुमारी को भी चोटें लगी हैं। परिजनों ने दम्पति को दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रोहतक पी.जी.आई. रैफर किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव मंदोला निवासी डा. विजय सांगवान ने बताया बीती देर शाम को वह अपने घर पर ही मौजूद था।

उस समय 2 व्यक्ति उनके घर पर बैठकर चाय पी रहे थे। उसी समय गांव के ही 2 व्यक्ति वहां पर आए तथा जजपा हलका अध्यक्ष से अकेले में बात करने की कही। जिसके बाद डा. विजय उक्त दोनों के साथ अकेले में बात करने लगे। डा. विजय सांगवान ने बताया कि जब वे बात कर रहे थे। तभी, अचानक इन दोनों लोगों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें पकड़ लिया तथा दूसरे ने मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में उनमें से एक व्यक्ति उन पर हमला करने  के लिए सरिया ले आया।

जब उन्होंने शोर मचाया तो उनकी पत्नी बीनू कुमारी आ गई। बीनू ने छुड़वाने का प्रयास किया तो उसको भी चोटें लगीं। बाद में अन्य लोगों को आता देख उक्त दोनों व्यक्ति वहां से फरार हो गए। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को रोहतक पी.जी.आई. रैफर कर दिया। पुलिस ने घायल डा. विजय के बयान के आधार पर 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static