शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 2 करोड़ की ठगी, केस दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 08:59 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो):  शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर लगभग 2 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-49 के रहने वाले व्यक्ति से ठगों ने व्हाट्सएप पर संपर्क किया। आरोपियों ने एचएसबीसी के नाम पर लिंक देकर फर्जी डैशबोर्ड पर अकाउंट खुलवाया। शिकायतकर्ता ने 2 करोड़ रुपये निवेश किए तो कुछ समय बाद वो मुनाफे के साथ 10 करोड़ से अधिक हो गए। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पीड़ित ने 3 करोड़ रुपये रिफंड का प्रयास किया तो आरोपी बहाने से और रुपये मांगने लगे और रिफंड से इंकार कर दिया। मामले में साइबर क्राइम थाना ईस्ट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-49 इलाके में रहने वाले सत्यवीर सिंह ने दी है। इनका कहना है कि कुल 2 करोड़ 6 हजार रुपये की ठगी इनसे हुई। 7 अप्रैल को इन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। यहां पर शेयर बाजार में निवेश करने और मुनाफा कमाने के बारे में सिखाया जाने लगा। अप्रैल महीने के अंत में एक अन्य वीआईपी ग्रुप में शिकायतकर्ता को जोड़ा गया और शेयर बाजार व आईपीओ में निवेश पर 300 प्रतिशत मुनाफे का झांसा दिया गया।

 

आरोप है कि ग्रुप में 173 सदस्य थे। शिकायतकर्ता का आधार कार्ड व पेनकार्ड लेकर एचएसबीसी प्लेटफॉर्म पर मई के पहले सप्ताह में इक्विटी खाता खुलवाया गया। आरोपियों के कहे अनुसार शिकायतकर्ता ने 6 अलग-अलग बैंक खातों में 21 ट्रांजेक्शन के जरिये 2 करोड़ 6 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने फर्जी डैशबोर्ड पर मुनाफे के साथ निवेश की रकम 10.4 करोड़ रुपये हो जाना दिखाया। मुनाफा देखकर शिकायतकर्ता ने 3 करोड़ रुपये रिफंड का प्रयास किया तो मुनाफे का 20 प्रतिशत हिस्सा कमीशन के तौर पर जमा कराने को कहा गया। ऐसा न करने पर रिफंड से इंकार कर दिया गया। तब शिकायतकर्ता को ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static