कांग्रेस है भेड़-बकरियों का झुंड, राहुल गांधी हैं इस दल के सेनापति: रणजीत चौटाला

punjabkesari.in Thursday, Sep 15, 2022 - 06:00 PM (IST)

सिरसा(सतनाम): कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर छिड़े विवाद के बीच बीजेपी लगातार हमलावर है। गृह मंत्री विज के बाद बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने भी कांग्रेस को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेसी बिखराव की ओर बढ़ रहे हैं। राजनीतिक पार्टी की जगह अब कांग्रेस भेड़-बकरियों का झुंड बन चुकी है और इस झुंड के सेनापति खुद राहुल गांधी हैं। चौटाला ने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है।

 

चौटाला बोले- कांग्रेस में हो चुका बिखराव, भारत जोड़ो का कोई फायदा नहीं

 

बिजली मंत्री रणजीत चौटाला गुरुवार को सिरसा में जनता की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया। मंत्री चौटाला ने कहा कि कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है, लेकिन प्रधानमंत्री पहले ही भारत को जोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा का कोई लाभ नहीं है, क्योंकि कांग्रेस में बिखराव तो पहले ही हो चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी अब केवल भेड़ बकरियों का झुंड बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत जोड़ने की बजाए अपने इस झुंड को जोड़कर रखने के लिए काम करना चाहिए। इस दौरान चौटाला ने राहुल गांधी को कांग्रेस के झुंड का सेनापति तक कह डाला।

 

तीसरे मोर्चे के गठन के लिए विपक्ष के पास नहीं है कोई नेता: बिजली मंत्री

 

रणजीत चौटाला ने इनेलो की 25 सितंबर को होने वाली रैली को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद में प्रस्तावित रैली को लेकर तीसरे मोर्चे की जो बात की जा रही है, लोग उससे ऊब चुके हैं। विपक्ष में कोई भी नेता ऐसा नहीं है, जो तीसरे मोर्चे को सफल बना पाए। इसी के साथ बिजली मंत्री ने बताया कि आगामी 18 सितंबर को मुख्यमंत्री सिरसा आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिरसा से मुख्यमंत्री का विशेष लगाव है। इसलिए मुख्यमंत्री बनने के बाद वे चौथी बार सिरसा आ रहे है। चौटाला ने कहा कि सीएम मनोहर लाल 17 सितंबर को ही सिरसा पहुंच जाएंगे और 18 को पूरा दिन जन समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद 18 की शाम ही मुख्यमंत्री को वापस चले जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सिरसा को कई परियोजनाओं की सौगात भी देकर जाएंगे।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static