केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के भतीजे कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह राव का बैंकॉक में निधन
punjabkesari.in Thursday, Oct 19, 2023 - 09:21 PM (IST)

रेवाड़ी (मोहिंद्र भारती): रामपुरा हाउस से संबंध रखने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता 43 वर्षीय अर्जुन सिंह राव का बृहस्पतिवार को बैंकॉक में निधन हो गया। जैसे ही यह दुखद समाचार यहां पहुंच तो शोक की लहर दौड़ गई। वे केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के भतीजे व राव अजीत सिंह के पुत्र थे। इसके साथ ही वह पूर्व मुख्यमंत्री राव बिरेंद्र सिंह के पौत्र थे। उनके शव का रेवाड़ी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। दुखद समाचार मिलते ही रामपुरा हाउस में उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई।
अर्जुन राव अटेली विधानसभा क्षेत्र से संभावित कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे थे। वे पहले भी यहां से चुनाव लड़ चुके हैं। तीन दिन पूर्व उन्होंने अपने पिता राव अजीत सिंह के साथ बड़ी सभा कर अपने चुनावी कार्यालय का शुभारंभ भी किया था।
मिली जानकारी के मुताबिक अर्जुन राव 16 अक्तूबर को अपने तीन मित्रों के साथ रेवाड़ी से बैंकॉक गए थे। बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि हृदयाघात से उनका निधन हो गया है। भारी सदमे में होने के कारण परिजनों ने फिलहाल पूरी जानकारी नहीं दी है। बैंकॉक में पोस्टमार्टम के बाद शव के साथ आ रहे उनके मित्रों के रेवाड़ी पहुंचने के बाद पूरे मामले की जानकारी मिलेगी।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)