SIR को लेकर कांग्रेस के नेताओं ने हमेशा जनता हित के कार्यों में अड़ंगा लगाने का काम किया है : गौरव गौतम
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 07:27 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा सरकार के खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है, उसका भी कांग्रेस द्वारा विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने हमेशा से जनता के हित में होने वाले कार्यों और देश के विकास से जुड़े बड़े सुधारों में बाधा डालने का प्रयास किया है।
गौतम ने कहा कि SIR का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल हों और किसी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता न रहे। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि जब भी देशहित में कोई बड़ा निर्णय लिया जाता है या व्यवस्था में सुधार के लिए कोई पहल की जाती है, तब कांग्रेस उसे राजनीतिक चश्मे से देखकर अनावश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास करती है। लेकिन देश की जनता अब ऐसे प्रयासों को भली-भांति समझती है और विकास तथा सुशासन के साथ खड़ी है।
गौरव गौतम ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे SIR प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें, अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल देश और जनता दोनों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
देश और जनता के हित में होगा SIR
गौरव गौतम खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) लोकतंत्र को और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है, जिससे वास्तविक एवं पात्र मतदाताओं को उनका अधिकार सुनिश्चित हो सके।
गौरव गौतम ने कहा कि SIR प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर किया जाएगा तथा अपात्र और दोहरे नामों को हटाकर चुनावी प्रक्रिया को अधिक निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाया जाएगा। इससे लोकतंत्र में जनता का विश्वास और मजबूत होगा तथा चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। SIR अभियान इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित हो सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)