बिना विकास किए प्रदेश को कर्ज में डुबो गई भाजपा सरकार- उदयभान

punjabkesari.in Wednesday, May 29, 2024 - 06:43 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास के नाम पर कोई काम नहीं किया। कांग्रेस शासन के समय प्रदेश पर 70 हजार करोड़ का कर्ज था, लेकिन भाजपा सरकार ने बिना विकास कार्य किए ही प्रदेश को साढ़े चार लाख करोड़ का कर्जदार बना दिया। वर्तमान में प्रदेश की भाजपा सरकार अल्पमत में चल रही है।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

अपना बहुमत साबित करने की बजाय भाजपा सरकार विधायकों की खरीद फरोख्त में लगी हुई है। यह खरीद फरोख्त न हो पाए इसको लेकर गवर्नर से प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है। यह बात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कही। वे आज गुड़गांव में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर उनके पास बहुमत है तो वह फ्लोर टेस्ट से क्यों डर रहे हैं। कांग्रेस के तीस विधायक, तीन निर्दलीय विधायक सहित जननायक जनता पार्टी के 10 विधायक सहित अभय चौटाला और गोपाल कांडा भी उनके साथ हैं। ऐसे में भाजपा के पास बहुमत साबित करने के लिए कौन से निर्दलीय और जेजेपी के विधायक हैं यह बात सबकी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि जेजेपी के विधायकों को भाजपा खरीदने का प्रयास कर रही है। इसी को रोकने के लिए ही वह राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग कर रहे हैं।

 

 

 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हुए हैं और अब शांतिपूर्ण तरीके से ही वोटों की गिनती हो इसके चुनाव आयोग को पुख्ता इंतजाम करने चाहिए। उन्होंने कहा कि अब तक देश में छह चरण में चुनाव हो चुके हैं। अक्सर जिस लोकसभा सीट पर चुनाव होते हैं उसकी वोट काउंटिंग देर रात तक अथवा अगले दिन सुबह तक स्पष्ट हो जाती है, लेकिन अचानक 11वें दिन 1 करोड़ 7 लाख वोट बढ़ जाना यह आश्चर्यचकित करने वाला है।

 

यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट में है। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि साढ़े 9 साल की व्यवस्था में भाजपा ने प्रदेश को फसा दिया है। आज प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। भ्रष्टाचार बढ़ा है। युवा बेरोजगार हुए हैं। अपने हक की लड़ाई लड़ रहे किसानों पर प्रदेश सरकार हमला करती है। मेट्रो की घोषणाएं होती हैं, लेकिन इन घोषणाओं को आज तक धरातल पर नहीं उतारा गया। यह प्रदेश की भाजपा सरकार का फेलियर है। यही कारण है कि इस बार केंद्र और प्रदेश में तख्ता पलट होगा और कांग्रेस की सरकार बनेगी। 

 

 

उन्होंने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि कोई भी भाजपा नेता अग्निवीर योजना के नाम पर वोट नहीं मांगता। यह भाजपा सरकार का सबसे बड़ा फेलियर है। गरीबों के राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। पेंशन धारकों की पेंशन काटी जा रही है जिसके कारण आज प्रदेश लोग खफा है। उन्होंने कहा कि आज फरीदाबाद को उत्तर प्रदेश ने पानी देना बंद कर दिया है। 24 मई से ओखला बैराज से पानी नहीं छोड़ा गया है जिसे लेने के लिए प्रदेश सरकार भी कुछ नहीं कर रही है।

 

 

फरीदाबाद सहित पलवल आदि क्षेत्रों में पेयजल किल्लत हो रही है जिसकी तरफ सरकार का कोई ध्यान ही नहीं है। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने कहा कि कल पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जो आरोप लगाए हैं वह बेबुनियाद हैं। इसकी कांग्रेस पार्टी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो खुद करती है वह दूसरों पर इल्जाम डाल देती है। हार की बौखलाहट पूर्व मुख्यमंत्री के चेहरे पर साफ दिखाई दे रही है जिसके कारण वह बौखलाए हुए हैं। 

 

फिलहाल कांग्रेस का दावा है कि वह प्रदेश की 10 की 10 लोकसभा सीटों पर अपना परचम लहराएगी। इसके साथ ही एक असेंबली सीट भी कांग्रेस की झोली में है। वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने दावा किया कि गुड़गांव लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर द्वारा की गई कड़ी मेहनत है जिसके कारण वह लाखों वोटों से जीत दर्ज करेंगे। लोगों का उत्साह और समर्थन मिला है वह कांग्रेस को जीत दिला रहा है। फिलहाल सभी की निगाहें 4 जून पर टिक गई हैं जब ईवीएम में कैद प्रत्याशियों की किस्मत खुलेगी।



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static