NH-48 पर मौत बनकर दौड़ा कंटेनर : भुड़ला फ्लाईओवर के पास महिला को कुचला, पति गंभीर

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 01:13 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर भुड़ला फ्लाईओवर के पास रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पीछे से आ रहे एक बंद बॉडी कंटेनर ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक पर सवार 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

गढ़ी बोलनी चौकी इंचार्ज महिपाल सिंह के अनुसार, मृतका की पहचान राजस्थान के भिवाड़ी क्षेत्र के गांव मिलकपुर गुर्जर निवासी कविता (40) के रूप में हुई है। हादसे में उनका पति सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हुआ है। दंपती अपने गांव से बाइक पर सवार होकर बेटी के ससुराल बावल के जैतपुर गांव जा रहे थे। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, जैसे ही उनकी बाइक भुड़ला फ्लाईओवर के पास पहुंची, पीछे से अत्यधिक तेज रफ्तार में आ रहे बंद बॉडी कंटेनर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि महिला सड़क पर गिर गई और कंटेनर के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गई। 

मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि पति सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल सुरेंद्र को तुरंत रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने फरार कंटेनर चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) और 106 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और एक बार फिर NH-48 पर बेलगाम रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)         


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static