संविदा कर्मचारियों ने रोहतक सांसद के कार्यालय पर ताली-थाली बजाकर किया प्रदर्शन
punjabkesari.in Thursday, May 18, 2023 - 11:05 AM (IST)
रोहतक(दीपक भारद्वाज) : नगर निगम कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर गुरुवार सुबह अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने रोहतक सांसद डॉ अरविंद शर्मा के कार्यालय पर थाली और ताली बजा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी और बेरुखी का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर सरकार इसके बावजूद भी संज्ञान नहीं लेती तो जींद में 28 मई को चेतावनी रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रदेश भर के कर्मचारी एकजुट होकर बड़ा कदम उठाएंगे।
कर्मचारियों ने कहा कि सरकार 29 अक्टूबर 2022 और 5 अप्रैल को हुए समझौते को लागू करे, अन्यथा बड़ा आंदोलन करेंगे। इस दौरान चेतावनी भरे लहजे में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर समय रहते सरकार कर्मचारियों की समस्या का समाधान करती है तो प्रदेश में ऐसे ही आंदोलन होते रहेंगे।
नगर निगम कर्मचारियों के प्रधान संजय बिडलान ने कहा कि दमकल विभाग के कच्चे कर्मचारियों को पक्का ना करने की बजाए भर्तियां निकाली जा रहीं हैं। जबकि यह कर्मचारी काफी समय से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यही नहीं नगर निगम के 13000 सफाई कर्मचारियों में से कुछ ही कर्मचारियों को पक्का किया गया है, जबकि बाकी कर्मचारी अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन सरकार उनकी सुनने को तैयार नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कोरोना काल में जिन कर्मचारियों की मौत हो गई थी उनके परिजनो को 50 लाख रुपए का मुआवजा और परिवार में एक सरकारी नौकरी की मांग काफी लंबे समय से की जा रही है। लेकिन कोई सुनने वाला ही नहीं है। इसलिए आज रोहतक लोकसभा से भाजपा सांसद अरविंद शर्मा के कार्यालय पर बर्तन बजा कर अपना प्रदर्शन कर रहे हैं कि शायद इसी आवाज से इनके कान खुल जाएं।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)