Kaithal पुलिस विभाग में विवाद गहराया : DSP पर आरोप के बाद नशा जागरूकता टीम लाइन हाजिर, जानिए पूरा मामला...

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 08:23 PM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर): कैथल पुलिस विभाग में चल रहे डीएसपी और हेड कांस्टेबल के विवाद ने वीरवार को नया मोड़ ले लिया। एसपी उपासना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा जागरूकता टीम के सदस्य सुनील संधू सहित पूरी टीम को अनुशासनहीनता के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया। कार्रवाई की पुष्टि पुलिस प्रवक्ता प्रवीण कुमार ने करते हुए कहा कि विभागीय नियमों के उल्लंघन के चलते यह कदम उठाया गया है। 

बता दें कि कुछ दिन पहले तीन दिन पहले ही हेड कांस्टेबल सुनील संधू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कलायत के डीएसपी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें झूठे नशा मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। पोस्ट वायरल होने के बाद मामला विभागीय स्तर पर तूल पकड़ गया। इसके बाद एसपी ने जांच की जिम्मेदारी गुहला के डीएसपी को सौंपी। जांच अधिकारी ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए थे, लेकिन उनकी ड्यूटी फिलहाल पानीपत में लगने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ पाई।

इसी बीच शुक्रवार को एसपी कार्यालय से जारी आदेश के तहत पूरी नशा जागरूकता टीम को लाइन हाजिर कर दिया गया। विभागीय सूत्रों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ सार्वजनिक आरोप लगाना आचार संहिता का उल्लंघन माना गया है। हालांकि, मामले की अंतिम जांच रिपोर्ट अभी लंबित है।

PunjabKesari


कई वर्षों से सामाजिक अभियानों में सक्रिय रहे हैं सुनील संधू

हेड कांस्टेबल सुनील संधू पिछले करीब डेढ़ दशक से नशा मुक्ति अभियान, पौधारोपण और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पुलिस विभाग की नशा जागरूकता टीम में भी वह लंबे समय से कार्यरत रहे हैं। सोशल मीडिया पर नशा रोकथाम को लेकर उनके प्रयासों की सराहना होती रही है और क्षेत्र में उनकी छवि एक सक्रिय व सामाजिक सरोकारों से जुड़े पुलिसकर्मी की रही है।

कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग उनके समर्थन में सामने आ रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल विभागीय हलकों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है और सभी की नजर आगे की जांच व संभावित निर्णय पर टिकी हुई है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static