हरियाणा में रिश्वतखोर इंस्पेक्टर गिरफ्तार, प्लॉट ट्रांसफर के नाम पर ले रहा था घूस
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 12:55 PM (IST)
करनाल : हरियाणा राज्य विजिलेंस और एंटी-करप्शन ब्यूरो ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। असिस्टेंट रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटीज़ के ऑफिस में तैनात इंस्पेक्टर कश्मीरी लाल को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ़्तार किया। आरोपी पर प्लॉट ट्रांसफर करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने लगभग 15 महीने पहले एक प्लॉट खरीदा था। प्लॉट खरीदने के बाद वह कई महीनों से इसे अपने नाम पर ट्रांसफर करवाने के लिए असिस्टेंट रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटीज़ के ऑफिस के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि इंस्पेक्टर कश्मीरी लाल ने प्लॉट ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करने के बदले शिकायतकर्ता से ₹5,000 की रिश्वत मांगी। वहीं डील चार हजार पर पक्की हुई।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी। शिकायत का सत्यापन होने पर एसीबी ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास पहुंचा। जैसे ही इंस्पेक्टर कश्मीरी लाल ने 4,000 रुपये की रिश्वत ली, मौके पर विजिलेंस टीम ने उसे ऑफिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया।