किसानों के लिए खुशखबरी : इस दिन से भारतीय कपास निगम के माध्यम से MSP पर होगी कपास की खरीद

punjabkesari.in Saturday, Aug 24, 2024 - 09:09 AM (IST)

चंडीगढ़ः हरियाणा में खरीफ विपणन सीजन 2024- 25 के तहत कपास की खरीद 1 अक्टूबर 2024 से आरंभ होगी। भारत सरकार के नियमानुसार भारतीय कपास निगम के माध्यम से कपास की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जाएगी। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ राजा शेखर वुंडरू की अध्यक्षता में कपास खरीद की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई।

डॉ राजा शेखर वुंडरू ने निर्देश दिए कि भारतीय कपास निगम को कपास खरीद प्रक्रिया में हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए। भारतीय कपास निगम और हरियाणा सरकार द्वारा खरीद के लिए सभी प्रकार की तैयारियां कर ली गई हैं, जिससे किसानों को फसल खरीद में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी। बैठक में बताया गया कि हरियाणा में कपास की 2 किस्में नामतः मीडियम लॉन्ग स्टेपल 26.5- 27.0 तथा लॉन्ग स्टेपल 27.5- 28.5 हैं, जिनकी खरीद की जानी है। कपास खरीद के लिए प्रदेशभर में 20 मंडियां / खरीद केंद्र बनाए गए हैं। 

जिला भिवानी में सिवानी, डिगावा व भिवानी, जिला चरखी दादरी में चरखी दादरी, जिला फतेहाबाद में भाटू, भुना व फतेहाबाद, जिला हिसार में आदमपुर, बरवाला, हांसी, हिसार व उकलाना, जिला जींद में उचाना, जिला कैथल में कलायत, जिला महेंद्रगढ़ में नारनौल, जिला रोहतक में महम तथा जिला सिरसा में ऐलनाबाद, कालांवाली व सिरसा में खरीद केंद्र खोले गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static