2 घंटे तक नाले में फंसी रही गाय, कड़ी मशक्कत से जे.सी.बी. मशीन ने नाला तोड़कर निकाला बाहर

punjabkesari.in Monday, Dec 02, 2019 - 09:37 AM (IST)

भिवानी (पंकेस) : शहर के रोहतक रोड पर खुले पड़े नाले में एक गाय फंस गई। गाय करीब 2 घंटे तक नाले में फंसी रही। इसके बाद गौसेवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद भी कामयाब नहीं हुए तो मजबूरीवश जे.सी.बी. मशीन से नाला तोड़कर गाय को बाहर निकाला। करीब 3 घंटे तक गौसेवकों की यह कार्रवाई चलती रही, मगर प्रशासन की तरफ से सहयोग नहीं मिला। प्रशासन की अनदेखी के कारण गौसेवकों ने विरोध जताया। 

शहर के रोहतक रोड पर उपायुक्त निवास के समीप खुले नाले में एक गाय गिर गई। राहगीरों ने गौप्रेमियों व नगर परिषद को सूचना दी। कुछ देर बाद आधा दर्जन गौसेवक मौके पर पहुंच गए और रस्सों से गाय को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। मगर नाले की चौड़ाई कम होने के कारण गाय को बाहर नहीं निकाला जा सका। करीब एक घंटे बाद जे.सी.बी. बुलानी पड़ी। जे.सी.बी. से नाले को तोड़कर गाय को बाहर निकाला गया।

करीब 2 घंटों तक गाय नाले में फंसी रही, मगर प्रशासन की तरफ से सूचना देने के बाद भी सहायता नहीं मिली। जिसके कारण गौसेवकों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। गौसेवक मनोज ने कहा कि अगर प्रशासन उनकी मदद करता तो गाय को जल्दी बाहर निकाला जा सकता था लेकिन बार-बार सूचना देने के बाद भी कोई सहायता प्रशासन की तरफ से नहीं मिली। गौसेवकों ने कहा कि वे कई वर्षों से गौ संरक्षण की आवाज उठा रहे हैं लेकिन बेसहारा गौवंश की तरफ सरकार व प्रशासन का ध्यान नहीं है।

गौसेवकों ने बताया कि 3 दिन पहले रावलधी बाईपास से वाहन की चपेट में आने से एक गाय बुरी तरह जख्मी हुई थी। हर रोज बेसहारा गौवंश के चलते सड़क हादसे हो रहे हैं। इन सबके बावजूद भी कोई सुध नहीं लेना प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है। गौसेवकों ने कहा कि शहर में करीब 300 गाय हैं, जो सड़कों पर गंदगी में मुंह मारती फिर रही हैं।

प्रशासन न तो नंदीशालाओं में चारे की व्यवस्था करता और न ही बीमार गायों के उपचार की व्यवस्था की जा रही। गौसेवकों ने मांग उठाई की बेसहारा गायों के लिए नंदीशाला खोली जाए या गौशाला में छोडऩे की व्यवस्था की जाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static