बरोदा में नरेंद्र मोदी, मनोहर लाल और भाजपा की नीतियों का करेंगे प्रचार-प्रसार: जेपी दलाल

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2020 - 09:14 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): बरोदा उपचुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बरोदा उपचुनाव के लिए कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल को प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। इसके लिए जेपी दलाल पूरी तरह तैयार है। जेपी दलाल ने कहा कि यहां नरेन्द्र मोदी. मनोहर लाल और भाजपा की नीतियों का प्रचार प्रसार करेंगे। बरोदा में पहली बार भाजपा को भारी जीत मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वोट पिछले चुनाव में जे.जे.पी. से ज्यादा थे। इसलिए बी.जे.पी. के उम्मीदवार की उम्मीद ज्यादा है।

प्रस्तुत है एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के कुछ अंश-
प्रश्न- भाजपा संगठन ने आप पर बरोदा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है। कैसी तैयारियां हैं आपकी ?
उत्तर- भाजपा नेतृत्व ने मुझे इस जिम्मेदारी के लायक समझा है मैं धन्यवाद करता हूं उनका। समन्वय का काम मिला है। नरेन्द्र मोदी, मनोहर लाल और भाजपा की नीतियों का प्रचार प्रसार करेगें। मैं दो बार बरोदा हलके में जा चुका हूं। पहली बार भाजपा को भारी जीत मिलने वाली है।

प्रश्न- गठबन्धन की सरकार है। सरकार जे.जे.पी. और निर्दलियों के सहयोग से बनी है। उम्मीदवार किसका होगा। क्योंकि जे.जे.पी. का चुनाव न लड़ने जैसा कोई ब्यान नहीं आया है ?
उत्तर- उम्मीदवार तय करना भाजपा नेतृत्व का काम है। वैसे टिकट मांगना सबका अधिकार है। बाकि भाजपा के वोट पिछले चुनाव में जे.जे.पी. से ज्यादा थे। इसलिए बी.जे.पी. के उम्मीदवार की उम्मीद ज्यादा है।

प्रश्न- मुद्दे क्या नजर आ रहे हैं आपको ?
उत्तर बरोदा पूरी तरह से ग्रामीण आंचल क्षेत्र है। किसानों से जुडे मुद्दे हैं जैसे बिजली की समस्या है, नहरी पानी की समस्या है, पीने के पानी के मुद्दे हैं। पशुपालन और दूध उत्पादन से जुड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि बडे़ दुर्भाग्य की बात है कि यहां शिक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। एक भी महिला कॉलेज नहीं था। लेकिन मुख्यमन्त्री मनोहर लाल खट्टर ने 2 कॉलेज बनवाने की घोषणा की है और चुनाव के बाद और भी विकास की परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

प्रश्न- बरोदा पूर्व मुख्यमन्त्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है ?
उत्तर राजनीति में किसी का कोई गढ़ नहीं होता। देश में सदा से काग्रेंस का राज था। कौन कहता था कि भाजपा कभी सरकार बनाएगी। लेकिन दो बार सरकार बना चुकी है। हमारी नीतियां हमें जीत दिलवाएंगी। बगैर जातिवाद, बगैर इलाकावाद के विकास करवाना और समान विकास करवाना ही हमारी असली ताकत है। यही हमारी जीत का मूलमन्त्र रहने वाला है।

प्रश्न- बरोदा का उम्मीदवार बरोदा से ही होगा या फिर पैराशूट से उतारा जाएगा ?
उत्तर यह फैसला नेतृत्व का होगा। बाकि मेरे हिसाब से तो बरोदा का ही हो तो ज्यादा अच्छा रहेगा।

प्रश्न- रामजन्मभूमि हमेशा से ही बड़ा मुद्दा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आधारशीला रखे जाने को कैसे देखते हैं
उत्तर विपक्षी पार्टियां कहती थी कि रामजन्मभूमि और 370 तोड़ना केवल राजनीतिक मुद्दे हैं। इसे भाजपा कभी नहीं कर पाएगी। लेकिन नरेन्द्र मोदी ने किस प्रकार से दोनों मुद्दों को कितने प्रेमपूर्वक, सौहार्दपूर्वक हल निकाल दिया। यह उनकी दृढ़शक्ति का परिणाम है। अयोध्या मामले को काग्रेंस ने कितने सालों तक लटका कर रखा। आज सभी को सद्बुद्धि आई है। इस फैसले का स्वागत करता हूं।

प्रश्न- धान घोटाला, शराब घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला को लेकर बरोदा चुनाव में कांग्रेस आक्रामक रहने वाली है। क्या तैयारी हैं आपकी ?
उत्तर हमारा मुद्दा केवल विकास होगा। घोटाले तो काग्रेंस के टाइम में होते थे। हमारे समय में अगर कोई बात सामने आती है तो तुरन्त इसकी जांच की जाती है और कानूनी कार्यवाही की जाती है।

प्रश्न- मेरी फसल मेरा ब्यौरा को लेकर किसान यूनियनों ने काफी मुद्दा बनाया। क्या उनसे भी आपकी कोई बातचीत हुई है ?
उत्तर- किसानों का आवरण ओढ़कर विरोधी इस प्रकार का हंगामा करते है। किसान इन बेहरूपियों के साथ नही हैं। कांग्रेस ने कभी किसानों के लिए कोई काम नहीं किया। पानी बचाने की बात है, मंडिया बनाने की बात है, दूध उत्पादन की बात है, मछली पालन की योजनाएं हैं हमारा फोकस हर उस काम पर है जिससे किसानों के बच्चों को आर्थिक मजबूत किया जा सके। किसान की आमदनी को बढ़ाना ही हमारा लक्ष्य है। अगर प्रदेश का किसान मजबूत है तो प्रदेश मजबूत होगा और अगर प्रदेश मजबूत है तो देश मजबूत होगा। इस कोरोना काल के दौरान जिस प्रकार से किसानों ने आनाज से भण्डार भरे। देश किसान का यह अहसान कभी नहीं भूल पाएगा।

प्रश्न- मेरा पानी मेरी विरासत को लेकर कई राजनीतिक दल नाराज है। क्या कहना चाहेगें ?
उत्तर कांग्रेस समझती है कि किसान भोला भाला है तो उसे बेवकूफ बना दो। लेकिन आज किसान का भाजपा पर पूरा भरोसा है। किसान जानता है कि काग्रेंस ने हमेशा किसान का शोषण किया। जिस प्रकार से राजस्थान, मध्यप्रदेश और छतीसगढ़ में कांग्रेस ने झूठ बोलकर सरकार बनाई कि सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। लेकिन किसी का कर्ज माफ नहीं हुआ। आज हालात यह है कि काग्रेंस के विधायकों को गांवों में नहीं घुसने देते। काग्रेंस नेतृत्व कमजोर है इसलिए ही विधायक भी नेतृत्व पर भरोसा नहीं कर पा रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static