कलेक्टर रेट को लेकर डीसी ने राजस्व अधिकारियों को दिए ये बड़े निर्देश

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 09:31 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): जिले में 1 अप्रैल से नए कलेक्टर रेट प्रभावी हो गए हैं। इस संबंध में डीसी अजय कुमार ने लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में उपमंडल अधिकारियों और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डीसी ने बताया कि जिले में लागू किए गए नए कलेक्टर रेट में आवासीय, कृषि तथा वाणिज्यिक भूमि की श्रेणियों में औसतन 15 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। यह संशोधन संबंधित क्षेत्रों की मौजूदा बाजार दर, विकास की गति और उपलब्ध बुनियादी ढांचे को ध्यान में रखते हुए निर्धारित किया गया है। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

जिले की विभिन्न तहसीलों के अंतर्गत लगभग 51 प्रतिशत क्षेत्र ऐसे हैं, जहां कलेक्टर रेट में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। वहीं, करीब 11 प्रतिशत क्षेत्र, जो तेजी से विकसित हो रहे हैं और जहां बाजार मूल्य अधिक है, वहां कलेक्टर रेट में अधिकतम 75 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। डीसी ने बताया कि कलेक्टर रेट में की गई यह बढ़ोतरी पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान संबंधित राजस्व क्षेत्रों में हुई रजिस्ट्री (सेल डीड) के आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर तय की गई है, ताकि दरें वास्तविक बाजार स्थिति के अनुरूप रहें। उन्होंने कहा कि जमीन की खरीद-फरोख्त में कलेक्टर रेट एक महत्वपूर्ण आधार होता है, जिससे राजस्व प्राप्ति के साथ-साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित होती है। कलेक्टर रेट निर्धारित करने से पहले वैल्यू कमेटी द्वारा विस्तृत सर्वे, मार्केट रिसर्च और स्थानीय परिस्थितियों का आकलन किया जाता है, जिसके बाद राजस्व विभाग और राज्य सरकार की मंजूरी से इन्हें अंतिम रूप दिया जाता है। 

 

डीसी ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नए कलेक्टर रेट की जानकारी आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें और रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करवाएं। साथ ही, किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव सहित सभी तहसीलदार व नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static