Faridabad: ट्रक से टकराई स्कूटी, घंटों तड़पते रहे दो दोस्त; इलाज में देरी से म्यूजिक कंपोजर ने तोड़ा दम!
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 11:28 AM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी): फरीदाबाद के सेक्टर 28 इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय उभरते म्यूजिक कंपोजर सिद्धार्थ सूरी की जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद घंटों तक सड़क पर तड़पने के बावजूद न तो पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और न ही कोई एंबुलेंस सहायता मिली। इलाज में हुई इसी देरी के कारण घर के इकलौते वारिस ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उनका दोस्त साहिल भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
दिल्ली के प्रह्लादपुर इलाके के रहने वाले 23 वर्षीय सिद्धार्थ सूरी पेशे से म्यूजिक कंपोजर थे। सिद्धार्थ की मां के मुताबिक, बीती रात सिद्धार्थ अपने दोस्त साहिल के साथ स्कूटी पर सवार होकर फरीदाबाद पेन ड्राइव लेने आए थे। पेन ड्राइव लेकर जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी सेक्टर 28 इलाके में आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगते ही अनियंत्रित होकर उनकी स्कूटी सीधे ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रक चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया।

मृतक की मां ने रोते हुए बताया कि हादसा होने के बाद उनका बेटा और उसका दोस्त घंटों सड़क पर पड़े रहे। कोई भी पुलिसकर्मी या एंबुलेंस वक्त पर सहायता के लिए नहीं पहुंची। यदि प्रशासन या राहगीरों की मदद से उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो शायद उनके इकलौते बेटे की जान बच सकती थी। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरा युवक साहिल फरीदाबाद के लकड़पुर इलाके का रहने वाला है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है और निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए ASI लोकेश कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रक और उसके चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ट्रक का नंबर और ड्राइवर की पहचान की जा सके। फिलहाल मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।