धूं-धूं कर जला 1.20 लाख का ओला स्कूटर, धमाके सुन दहल उठे लोग...बाल-बाल बचे दो दोस्त

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 07:55 AM (IST)

फरीदाबाद  (अनिल राठी): फरीदाबाद पल्ला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा उस समय हुआ जब स्कूटर पर सवार दो युवक बाजार से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में स्कूटर से पहले असामान्य आवाज आई और फिर उसमें से धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में स्कूटर धू-धू कर जल उठा। दोनों युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते स्कूटर छोड़ दिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बाजार से लौटते समय हुआ हादसा

पल्ला थाना क्षेत्र निवासी विशाल ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसने ये स्कूटर 1.20 लाख रूपये में खरीदा था। वह अपने एक दोस्त के साथ किसी काम से बाजार गया था। रात करीब 10 बजे दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटर से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सेहतपुर-अगवानपुर रोड पर सूर्यनगर फेज-2 के सामने पहुंचे, तभी स्कूटर से अचानक तेज आवाज आने लगी। विशाल ने तुरंत स्कूटर रोककर जांच करने की कोशिश की, लेकिन तभी उसमें से केबल जलने जैसी तेज बदबू आने लगी।

 देखते ही देखते आग का गोला बना स्कूटर

धुआं निकलता देख दोनों युवक तुरंत स्कूटर से उतरकर सुरक्षित दूरी पर चले गए। कुछ ही देर में स्कूटर ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गया। आग के दौरान स्कूटर की बैटरी में कई बार छोटे-छोटे विस्फोट भी हुए, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सड़क पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद युवकों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को घटना की सूचना दी।

जांच के बाद ही स्पष्ट होगी आग लगने की वजह

पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रथम नजर में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन स्कूटर में आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही किया जा सकेगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static