Delhi Red Fort Blast : फरीदाबाद की अलफलाह यूनिवर्सिटी जांच के घेरे में...NIA चार्जशीट में चौंकाने वाले आरोप

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 07:07 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां लाल किला ब्लास्ट मामले में अलफलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित आतंकी मॉड्यूल मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच के दौरान कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मामला एक कथित "व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल" से जुड़ा बताया गया है, जिसकी गतिविधियों का खुलासा जांच के दौरान हुआ।

NIA की गहन जांच में फरीदाबाद की अलफलाह यूनिवर्सिटी से एक बहुत बड़े आतंकी गठजोड़ का भंडाफोड़ हुआ है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यहां एक 'व्हाइट कॉलर' आतंकी मॉड्यूल सक्रिय था। इसका मतलब है कि देखने में सामान्य और पढ़े-लिखे लगने वाले लोग इस खौफनाक साजिश का हिस्सा थे, जो गुपचुप तरीके से आतंकी नेटवर्क को चला रहे थे। NIA द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट में सामने आए इन गंभीर मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों को भी सकते में डाल दिया है।

जांच से जुड़े दस्तावेजों और आरोपपत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों ने दावा किया है कि फरीदाबाद में विस्फोटक सामग्री तैयार करने और उसका परीक्षण करने की गतिविधियों की आशंका जताई गई थी। साथ ही यह भी आरोप है कि कथित मॉड्यूल से जुड़े कुछ लोगों के संपर्क जम्मू-कश्मीर में सक्रिय नेटवर्क से थे, जहां से हथियारों और विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति किए जाने की जांच की गई।

इस खुलासे के बाद खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे सप्लाई चेन और नेटवर्क की और अधिक गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि इस आतंकी मॉड्यूल में शामिल हर एक चेहरे को बेनकाब किया जा सके।  

बता दें कि इस मामले में NIA ने पहली चार्जशीट 14 मई को दाखिल किया था। पहली चार्जशीट में 10 लोगों को आरोपी बनाया गया था। NIA के मुताबिक इस ब्लास्ट में 11 लोगों की मौत हुई थी।

करीब 7500 पेजों की चार्जशीट में NIA ने बम ब्लास्ट करने वाले उमर उन नबी (मृतक) को भी आरोपी बनाया है। एनआईए के मुताबिक 10 नवंबर, 2025 को लाल किले के बाहर हुए कार बम विस्फोट की योजना उमर उन नबी ने बनाई थी। उमर उन नबी की मौके पर ही मौत हो गई थी। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static