घने धुएं से कम हुई विजिबिलिटी...गोहाना NH पर भिड़ीं आधा दर्जन गाड़ियां, मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 08:19 PM (IST)

गोहाना (सुनील जिंदल) : गोहाना के रोहतक-पानीपत नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे झुंडों में लगी आग से उठे घने धुएं के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। धुएं की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिसके चलते आधा दर्जन के करीब वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में दो से तीन लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मिली जानकारी के अनुसार रोहतक से पानीपत की तरफ जा रहे एक ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही कई गाड़ियां धुएं के कारण समय पर नहीं रुक सकीं और एक के बाद एक वाहन आपस में भिड़ते चले गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया।

वाहन चालकों ने बताया कि सड़क किनारे खेतों में किसी किसान द्वारा झुंडों में आग लगाई गई थी, जिससे हाईवे पर काफी धुआं फैल गया। इसी कारण सड़क पर दृश्यता लगभग खत्म हो गई और हादसा हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को संभाला। वहीं अग्निशमन विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सड़क किनारे लगी आग के धुएं के कारण तीन से चार गाड़ियों का एक्सीडेंट हुआ है। फिलहाल हाईवे पर लगा जाम खुलवा दिया गया है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)              


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static