''डबल इंजन होने के बावजूद BJP सरकार गांवों को पानी देने में पूरी तरह फेल'', चानौत धरने में जमकर बरसीं कुमारी सैलजा

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 03:43 PM (IST)

हांसी (संदीप सैनी) : हांसी में भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देकर पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गांव चानौत में ग्रामीणों का धरना शनिवार को लगातार 50वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। शनिवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सिरसा सांसद कुमारी सैलजा धरना स्थल पर पहुंचीं और आंदोलनरत ग्रामीणों का समर्थन किया।

धरना स्थल पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है कि जो सरकार खुद को डबल इंजन सरकार और विश्वगुरु बनाने की बात करती है, वह अपने ही गांवों के लोगों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने कहा कि चानौत के लोग लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि भाखड़ा पाइपलाइन गांव के पास से गुजर रही है।

सैलजा ने आरोप लगाया कि पहले प्रशासन ने पाइपलाइन पर टी-कनेक्शन बनाया और बाद में उसे खुद ही उखाड़ दिया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर टी-कनेक्शन अवैध था तो उसे लगाया किसने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उनके अनुसार सरकार खुद अपने फैसलों में उलझी हुई है और जनता को इंसाफ नहीं मिल रहा।

उन्होंने कहा कि चानौत के ग्रामीण शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन उनके ऊपर लाठीचार्ज किया गया। धरने पर बैठे बुजुर्ग, महिलाएं और अनशनकारी भी पुलिस कार्रवाई का शिकार हुए, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। कांग्रेस इस आंदोलन का पूरा समर्थन करती है। 

कुमारी सैलजा ने यह भी आरोप लगाया कि हरियाणा में समानांतर प्रशासन (पैरेलल सिस्टम) चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की जवाबदेही तय नहीं हो पा रही है और किसी को यह तक पता नहीं कि किसके आदेश पर क्या कार्रवाई हो रही है। ऐसे हालात में आम लोगों को न्याय कैसे मिलेगा।

राजस्थान को पानी दिए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजस्थान के खिलाफ नहीं है, लेकिन हरियाणा के लोगों की पेयजल जरूरतें पहले पूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हरियाणा के गांव पानी के लिए तरस रहे हैं तो सरकार को प्राथमिकता अपने प्रदेश के लोगों को देनी चाहिए।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static