दिग्विजय चौटाला ने CM से श्वेत पत्र जारी करने की मांग उठाई, कहा- रोजगार से जुड़ें वादों का हिसाब सार्वजनिक करें सरकार

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 10:09 AM (IST)

चंडीगढ़ ( चन्द्र शेखर धरणी) : जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा सरकार से भर्ती, रोजगार और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं और कर्मचारियों से किए गए वादों पर भाजपा सरकार को जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। दिग्विजय ने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि हरियाणा लोक सेवा आयोग की भर्तियों में हरियाणा के युवाओं के अधिकारों और आरक्षण व्यवस्था की अनदेखी करते हुए कितने बाहरी अभ्यर्थियों को रोजगार दिया गया? उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले के सभी तथ्य प्रदेश की जनता के सामने रखे जाने चाहिए और सरकार को पारदर्शिता के साथ पूरी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सीईटी हुए एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि कितने अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की और अब तक कितनी भर्तियां पूरी हुई हैं। उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की। दिग्विजय ने सरकार को उसके उस वादे को भी याद दिलाया, जिसमें कहा गया था कि सीईटी उत्तीर्ण युवाओं को एक वर्ष तक नौकरी न मिलने की स्थिति में 9,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने पूछा कि इस घोषणा के तहत अब तक कितने युवाओं को इसका लाभ मिला है। उन्होंने एचकेआरएन के लगभग 1.20 लाख कर्मचारियों की जॉब सिक्योरिटी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दो वर्ष बीत जाने के बावजूद सरकार अपने वादे को पूरा नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को भी उनके भविष्य और सेवा सुरक्षा को लेकर स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।

दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा, “मुख्यमंत्री जी, सबसे पहले प्रदेश की जनता के सामने एक श्वेत पत्र जारी कीजिए। एचपीएससी की भर्तियों, सीईटी के परिणामों, रोजगार की वास्तविक स्थिति, नौकरी न मिलने पर 9,000 रुपये सहायता देने के वादे और एचकेआरएन कर्मचारियों की जॉब सिक्योरिटी से जुड़े सभी तथ्य सार्वजनिक कीजिए। पंजाब के मुद्दों पर राजनीति करने से पहले हरियाणा के युवाओं, कर्मचारियों और प्रदेश की जनता के सवालों का जवाब देना आपकी सरकार की जिम्मेदारी है।”  दिग्विजय ने कहा कि हरियाणा का युवा अपने भविष्य को लेकर जवाब चाहता है। सरकार को पारदर्शिता और जवाबदेही का परिचय देते हुए इन सभी मुद्दों पर तथ्य प्रदेश की जनता के सामने रखने चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static