दिव्यांग पेंशन का घंटों करते रहे इंतजार...फिर भी नहीं हुआ काम, बराड़ा डाकघर की तस्वीर ने उठाए कई सवाल

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 03:32 PM (IST)

बराड़ा (अनिल शर्मा) : अंबाला जिले के बराड़ा डाकघर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि पेंशन निकालने पहुंचे बुजुर्गों, दिव्यांगों और असहाय लोगों के पेंशन संबंधी फार्म भरने से इनकार कर दिया गया। बैसाखियों के सहारे चलने वाले बुजुर्ग हों या रेहड़ी पर बैठकर पहुंचे दिव्यांग, सभी घंटों तक डाकघर के बाहर परेशान होते रहे। जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो आखिरकार पीड़ितों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।

बराड़ा डाकघर में पेंशन निकालने पहुंचे बुजुर्गों, दिव्यांगों और असहाय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बुजुर्ग बैसाखियों के सहारे, जबकि कुछ लोग रेहड़ी पर बैठकर डाकघर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। पीड़ितों का आरोप है कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। 

घंटों तक डाकघर के बाहर परेशान रहने के बाद सभी लोग अपनी शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की।बुजुर्गों का कहना है कि पेंशन ही उनके जीवनयापन का प्रमुख सहारा है, लेकिन उसे प्राप्त करने के लिए भी उन्हें परेशानी और अपमान का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए डाकघर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनके कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
 
मामला बढ़ता देख डाक विभाग भी हरकत में आया। विभाग ने एक कर्मचारी की नियुक्ति की, जो बुजुर्गों और दिव्यांगों के फॉर्म भरने में सहायता करेगा। विभाग का कहना है कि बुजुर्गों की मांग पर उनकी समस्या का समाधान कर दिया गया है।  

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static