पंचकूला में क्लब के बाहर दो गुटों में हुआ विवाद...चली गोलियां, फैली सनसनी

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 01:24 PM (IST)

पंचकूला (उमंग) : शहर के पॉश इलाकों में शुमार सेक्टर-11 में सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए रविवार तड़के करीब 3 बजे एक बार फिर से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।सेक्टर-11 स्थित 'अलिफ लैला बार' के बाहर दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर जमकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच चली गोलियां, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।  पुलिस और सीन ऑफ़ क्राइम टीम ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद से तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर 'अलिफ लैला बार' के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर जिला प्रशासन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है कि आखिर तमाम पहरे के बावजूद बदमाश हथियार लेकर कैसे खुलेआम घूम रहे हैं।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी, फायरिंग किसने की और इस पूरी वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे। फिलहाल अभी पुलिस आधिकारिक बयान सामने नहीं आया, पुलिस जांच का हवाला दे रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static