डॉक्टर अमित अग्रवाल ने की खेलो इंडिया यूथ गेम्स - 2021 की तैयारियों के संबंध में बैठक

punjabkesari.in Thursday, May 12, 2022 - 08:58 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा में होने जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स - 2021 का खुमार जन जन तक पहुँच रहा है। हरियाणा के साथ साथ अन्य प्रदेशों में भी इन खेलों की खूब चर्चा हो रही है। इसी कड़ी में इन खेलों को और मनोरंजक बनाने के लिए मुख्य स्थानों पर सेल्फी पॉइंट व ग्राफिटी वॉल भी बनाई जाएंगी। साथ ही, मॉल्स इत्यादि में फ्लैश मॉब के जरिये भी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने आज यहाँ खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की तैयारियां के संबंध में विभिन्‍न‍ हितधारकों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि इन खेलों में प्रतिभागियों और दर्शकों दोनों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को भी कोई समस्या न आए। 

सेल्फी पॉइंट, ग्राफिटी वॉल और फ्लैश मॉब के जरिये लोगों की भागीदारी होगी सुनिश्चित

डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा इस भव्य आयोजन को प्रतिभागियों और दर्शकों दोनों के लिए यादगार बनाना है। इसी उद्देश्य से खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के तहत सभी जिलों में राहगीरि कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है और लोग बड़े उमंग व उत्साह के साथ इन कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। साथ ही, 'धाकड़ ऑन व्हील' एक वाहन, जिस पर मशाल व शुभंकर लगा है, प्रदेशभर का दौरा भी कर रहा है। इसके अलावा, आगामी दिनों में विभिन्न खेल एवेंट भी आयोजित किये जाएंगे।

उन्होंने कहा कि शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों व खेल परिसरों, जहां ये खेल आयोजित किए जाएंगे, वहां शुभंकर या अन्य आकर्षक प्रतीक चिन्हों के साथ सेल्फी पॉइंट बनाए जाएंगे, ताकि दर्शक इस आयोजन की अद्भुत यादें अपने साथ वापिस ले जा सकें। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्र के खेल स्टेडियमों और स्कूल व कॉलेज की दीवारों पर ग्राफिटी वॉल भी स्थापित की जाएगी।

ग्राफिटी आर्ट यानी दीवारों में की जाने वाली जानकारीपरक पेंटिंग

ग्राफिटी आर्ट के माध्यम से खेलो इंडिया यूथ

गेम्स - 2021 को और अधिक मनोरंजक बनाया जाएगा। दीवारों पर विभिन्न रंगों के माध्यम से पेंटिंग बनाई जाएंगी, जिसे देखकर लोगों को इन खेलों के बारे में जानकारी मिलेगी।

फ्लैश मॉब

इन खेलों का प्रचार-प्रसार करने व लोगों, विशेषकर युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए मॉल्स इत्यादि स्थानों में फ्लैशमॉब के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। फ्लैश मॉब ऐसे लोगों का एक समूह होता है जो सार्वजनिक स्थान पर इकट्ठा होते हैं और मनोरंजन, व्यंग्य और कलात्मक अभिव्यक्ति के उद्देश्यों से विभिन्न गतिविधियां करते हैं। इन गतिविधियां में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा।

4 जून से 13 जून, 2022 तक चलेंगे खेल

'खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021' का आयोजन 4 जून से 13 जून, 2022 तक राज्य सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में 25 तरह के खेल आयोजित होंगे, जिनमें पांच पारंपरिक खेल जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन शामिल हैं। ये खेल पांच स्थानों पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित होंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 में 8500 से अधिक एथलीट्स भाग लेंगे। इसके अलावा लाखों दर्शक इन खेलों के गवाह बनेंगे।

बैठक में खेल विभाग के निदेशक श्री पंकज नैन, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्रीमती वर्षा खंगवाल, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) श्री अमन कुमार सहित खेल व जनसंपर्क विभाग के ‌वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static