बड़ी कार्रवाई: Haryana के इस जिले में नशा तस्कर की 6.50 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 10:26 AM (IST)

करनाल : जिला पुलिस करनाल के एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज उप निरीक्षक हिम्मत सिंह व थाना प्रबंधक निसिंग निरीक्षक श्री भगवान ने ड्रग्स के कारोबार में संलिप्त नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने तस्कर गुरमुख सिंह निवासी गांव अमुपुर द्वारा नशे से अर्जित की गई संपत्ति को फ्रीज किया है। चल और अचल संपत्ति की कीमत 6.50 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। जिला पुलिस के द्वारा जारी आदेश को सक्षम अधिकारी, नई दिल्ली के द्वारा भी कन्फर्म कर दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना पुंडरी जिला कैथल में 2007 में मुकदमा नंबर 155 केस धारा 15 (c) एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गौर हो कि इससे पहले जिला पुलिस की टीम द्वारा पांच मामलों में आरोपियों की नशे के कारोबार में संलिप्त रहते हुये व नशे से अर्जित करोड़ों रुपए की चल व अचल संपत्ति को फ्रिज करवाने में बड़ी कामयाबी हासिल की गई थी। पहले मामले में 8 फरवरी 2022 में आरोपित साहब सिंह गांव चौगामा, असंध की दस करोड़ की संपत्ति फ्रीज की थी।
आरोपित के खिलाफ 2007 में कैथल में दर्ज किया गया था मामला
दूसरे मामले में आरोपित सूबा सिंह गांव ढांचर निसिंग की 18 अक्टूबर 2022 को 7 करोड़ की, तीसरे मामले व चौथे मामले में आरोपित खैर सिंह गांव धनतोरी, कुरुक्षेत्र की 7 अक्टूबर 2022 व 24 जनवरी 2023 को कुल 13 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रिज की गई थी। पांचवें मामले में आरोपी सुरेंद्र सिंह निवासी डेरा बखीवाला निसिंग 9 फरवरी 2022 को कुल वर्तमान वैल्यू 6 करोड़ 20 लाख रुपये की संपत्ति सीज की गई थी