जयपुर दौरे पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष; विधानसभा की कार्यप्रणाली और परंपराओं का किया अवलोकन
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 07:07 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने जयपुर विधानसभा के भ्रमण के दौरान वहां की संसदीय परंपराओं, कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति उसकी सशक्त, पारदर्शी और प्रभावी विधायिका में निहित होती है। विभिन्न विधानसभाओं के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
हरविंदर कल्याण ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं में कई ऐसी श्रेष्ठ परंपराएं और कार्यप्रणालियां विकसित हुई हैं, जिनसे अन्य राज्य भी सीख लेकर अपनी संसदीय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए विधायिकाओं के बीच निरंतर संवाद और सहयोग आवश्यक है।
भ्रमण के दौरान उन्होंने जयपुर विधानसभा के सदन की कार्यवाही संचालित करने की व्यवस्था, सदस्यों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विधानसभा परिसर की विभिन्न इकाइयों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बदलते समय के साथ विधानसभाओं में डिजिटल तकनीकों और आधुनिक संसदीय व्यवस्थाओं को अपनाना समय की आवश्यकता है। इससे न केवल सदन की कार्यवाही अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनती है, बल्कि जनप्रतिनिधियों को भी अपने दायित्वों के निर्वहन में सुविधा मिलती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस भ्रमण से प्राप्त अनुभव हरियाणा विधानसभा की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने में उपयोगी साबित होंगे। साथ ही उन्होंने जयपुर विधानसभा के अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत और सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।