Haryana : स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति तक मुकेश गर्ग संभालेंगे HERC अध्यक्ष का कार्यभार
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 09:45 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के अध्यक्ष श्री नन्द लाल शर्मा के आकस्मिक निधन के बाद आयोग के वरिष्ठतम सदस्य श्री मुकेश गर्ग नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक अध्यक्ष के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। आयोग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए हरियाणा विद्युत सुधार अधिनियम, 1997 की धारा 3(4) के तहत यह व्यवस्था लागू की है।
आयोग के आदेश के अनुसार, 23 जुलाई को श्री नन्द लाल शर्मा के निधन से अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया। इसके बाद आयोग की बैठक में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 92(2) के प्रावधानों के तहत अध्यक्ष की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता के लिए उपस्थित सदस्यों श्री मुकेश गर्ग एवं श्री शिव कुमार ने सर्वसम्मति से श्री मुकेश गर्ग का चयन किया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि नियमित अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण करने तक श्री मुकेश गर्ग आयोग के अध्यक्ष के सभी दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि श्री मुकेश गर्ग ने 2 फरवरी 2024 को हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के सदस्य(विधि पृष्ठभूमि) के रूप में पदभार ग्रहण किया था, जबकि श्री शिव कुमार ने 28 अगस्त 2025 को आयोग के सदस्य के रूप में कार्यभार संभाला था। वरिष्ठतम सदस्य होने के कारण श्री मुकेश गर्ग को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Haryana News : 28 जुलाई को होगी हरियाणा कैबिनेट की अहम बैठक, मानसून सत्र की तारीख पर लग सकती है मुहर